स्थानीय थाना क्षेत्र स्थित नौबस्ता गांव में बुधवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव छत के कुंडे से लटकता मिला। भाई ने बहन की मौत को हत्या बताया है। कहा है कि बहनोई, उसकी मां व पिता ने मिलकर हत्या की है। बहन की हत्या का कारण अतिरिक्त दहेज न दे पाना बताया है।
थाना देहात के फरेंदा निवासी मनोज चौहान ने बताया कि उसकी बहन श्रीदेबी उर्फ गुड्डू (22) का विवाह मुडि़ला के मजरे नौबस्ता निवासी देबा पुत्र साधू चौहान के साथ वर्ष 2016 में हुआ था। वर्ष 2018 में श्रीदेबी का गौना गया था। बहनोई देबा मुंबई में रहकर कमाई करते थे। लाॠकडाउन के दौरान से वह घर पर रहते हैं। देबा, उसकी मां जुगरा व पिता साधू अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। दहेज के लिए श्रीदेबी को प्रताडि़त किया जाता था। मंगलवार रात तीनों ने मिलकर श्रीदेबी की हत्या कर दी। उसके शव को छत के कुंडे से लटका दिया जिससे घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। घटना की सूचना मनोज चौहान को सुबह दी गई। सीओ राधारमण सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। साधू चौहान का कहना है कि उसकी बहू ने आत्महत्या की है, उसे किसी ने मारा नहीं है। प्रभारी निरीक्षक विवेक मलिक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मनोज के तहरीर की जांच की जा रही है। केस दर्ज होगा।