Balrampur News: आलू की खेती के लिए किसानों को मिलेगा उन्नत बीज
Balrampur News: बलरामपुर में आलू किसानों को उन्नत खेती के लिए तीन प्रजातियों के कुल 65 क्विंटल बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। किसान उद्यान विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कर अग्रिम बुकिंग कर सकते हैं। कुफरी सिंदूरी, कुफरी चिप्सोना-1 और कुफरी संगम बीज की कीमतें अलग-अलग निर्धारित हैं। नियमों के अनुसार, किसान अधिकतम दो हेक्टेयर के लिए बीज ले सकेंगे और कम से कम दो प्रजातियां चुनना अनिवार्य होगा।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। जिले में आलू की खेती करने वाले किसानों को उन्नत प्रजातियों का बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए उद्यान विभाग को तीन प्रजातियों के कुल 65 क्विंटल आलू बीज का आवंटन कर दिया गया है। किसान विभागीय पोर्टल पर पंजीकरण कराकर बीज की अग्रिम बुकिंग कर सकेंगे। वरिष्ठ जिला उद्यान निरीक्षक रवि त्रिपाठी ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में आलू विकास से जुड़ी योजनाओं का संचालन पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। जिले को कुफरी सिंदूरी के 11 क्विंटल, कुफरी चिप्सोना-1 के पांच क्विंटल व कुफरी संगम के 50 क्विंटल बीज दिया गया है। निर्धारित नियमों के अनुसार, एक किसान अधिकतम दो हेक्टेयर क्षेत्रफल के लिए आलू बीज ले सकेगा।
प्रत्येक प्रजाति के लिए अधिकतम आधा हेक्टेयर तक बीज देय होगा। आवेदन में कम से कम दो प्रजातियों का चयन करना अनिवार्य है। दूसरी प्रजाति के लिए प्राथमिकता वाली प्रजाति के चयनित क्षेत्रफल के पांचवें हिस्से के बराबर क्षेत्रफल चुनना होगा, जो अधिकतम 0.1 हेक्टेयर तक होगा। कुफरी सिंदूरी व कुफरी संगम बीज की दर 3630 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है। वहीं, कुफरी चिप्सोना-1 की दर 3480 रुपये प्रति क्विंटल है। उद्यान विभाग ने किसानों से पोर्टल पर पंजीकरण कर निर्धारित नियमों के अनुसार अग्रिम बुकिंग कराने की अपील की है, ताकि उन्हें समय से उन्नत बीज उपलब्ध कराया जा सके।

