Balrampur News: आरटीआई के जवाब में मिली धमकी, शराब भट्टी संचालक पर एफआईआर
Balrampur News: बलरामपुर में एक अधिवक्ता को सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत जानकारी मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपी ने रात में फोन कर गाली-गलौज किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिवक्ता और उनके परिवार में भय का माहौल है।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत जनहित में जानकारी मांगना बलरामपुर के एक अधिवक्ता को भारी पड़ गया। देशी शराब की भट्टी से संबंधित सूचना मांगे जाने से नाराज भट्टी संचालक ने अधिवक्ता को देर रात फोन कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली देहात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम भलुहिया निवासी अधिवक्ता अरुण कुमार उपाध्याय ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने ग्राम सेखुई कला स्थित एक देशी शराब की दुकान (भट्टी) के संबंध में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बलरामपुर से सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी मांगी थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शराब भट्टी संचालक उमेश कुमार मिश्रा पुत्र बासुदेव मिश्रा, निवासी खरहरगढ़ी बहरेकुइयां, थाना कोतवाली देहात ने 8 जुलाई 2026 की रात करीब 11:15 बजे उनके मोबाइल पर फोन किया.
धमकी का विवरण
तहरीर के अनुसार, आरोपी ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और भविष्य में किसी प्रकार की शिकायत या आरटीआई के माध्यम से जानकारी मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता का कहना है कि आरोपी की धमकी से वह और उनका परिवार भयभीत है तथा उन्हें किसी अप्रिय घटना की आशंका सता रही है। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए 11 जुलाई को पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की निष्पक्ष जांच कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
वकीलों की चिंताएं
इस घटना के बाद अधिवक्ताओं और आरटीआई कार्यकर्ताओं में भी चर्चा का माहौल है। उनका कहना है कि सूचना का अधिकार नागरिकों को पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दिया गया संवैधानिक अधिकार है और इस अधिकार का प्रयोग करने वालों को धमकाना गंभीर मामला है। पुलिस से आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


