Balrampur News: स्कूल वैन से उतरते समय बैग फंसा, पांच वर्षीय छात्र गंभीर
Balrampur News: बलरामपुर में एक 5 वर्षीय छात्र कृष्णा विश्वकर्मा का बैग स्कूल वैन से उतरते समय फंस गया। चालक की लापरवाही से वैन तेज गति से चलायी गयी, जिससे बच्चा घिसट गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Balrampur News: बलरामपुर, संवाददाता। स्कूल वैन से उतरते समय पांच वर्षीय छात्र का बैग वाहन में फंस गया। आरोप है कि चालक ने लापरवाही बरतते हुए वैन को तेज गति से आगे बढ़ा दिया। इससे बच्चा वाहन की चपेट में आकर कुछ दूर तक घिसटता चला गया। हादसे में छात्र को गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उसे उतरौला के डॉ. एहसान के यहां भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस ने छात्र की मां की तहरीर पर वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 29 अगस्त की बताई गई है। उतरौला कोतवाली क्षेत्र के बक्सरिया गांव निवासी किरन देवी का पांच वर्षीय पुत्र कृष्णा विश्वकर्मा उतरौला स्थित टेनी टाट्स स्कूल में नर्सरी कक्षा का छात्र है।
मां के मुताबिक, 29 अगस्त को वह स्कूल वाहन संख्या यूपी47 एटी 8737 से घर लौट रहा था। घर पहुंचने पर वैन से उतरते समय उसका बैग वाहन में फंस गया।तहरीर के अनुसार, बच्चे का बैग फंसा होने की जानकारी होने के बावजूद चालक मोहम्मद आफताब पुत्र मोहम्मद आलम निवासी मोहल्ला रफीनगर, उतरौला ने वैन को तेज गति से आगे बढ़ा दिया। बच्चा वाहन की चपेट में आ गया और कुछ दूरी तक सड़क पर घिसटता चला गया। हादसे में उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं। परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने घायल बच्चे का उपचार करते हुए उसके ओढ़, लस्सर और शरीर के अन्य हिस्सों में करीब साठ टांके लगाए हैं। बच्चा अस्पताल में भर्ती है और उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद मां ने चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि मामले में उतरौला कोतवाली पुलिस ने एक सितंबर की रात 10:10 बजे एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए), 125(बी) और 281 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। विवेचना उपनिरीक्षक बृजेश कुमार गुप्ता को सौंपी गई है।


