शिवपुर दियर ब्यासी में मिली लाश की दूसरे दिन हुई पहचान
0 रेवती नपं के वार्ड संख्या 13 की रहने वाली थी 22 साल की प्रीतिआठ पर दहेज हत्या का मुकदमा बलिया, संवाददाता। नगर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर दियर ब्यासी

बलिया, संवाददाता। नगर कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर दियर ब्यासी गांव के पास सोमवार को मिली अज्ञात महिला की लाश की दूसरे दिन मंगलवार को शिनाख्त हो गयी। इसके बाद मृतका के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। शिवपुर दियर ब्यासी गांव के पांडे के डेरा के पास नग्न हाल में महिला की लाश पड़ी नजर आयी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जा में ले लिया। लाश चार-पांच दिन पुरानी होने के चलते पूरी तरह से खराब हो गयी थी लिहाजा तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी। बताया जाता है कि मंगलवार को महिला के मंगलसूत्र के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान रेवती नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी 22 वर्षीय प्रीति पत्नी चुन्नीलाल प्रजापति के रुप में हुई। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि कुछ दिनों पहले वह अपने मयका गड़वार थाना क्षेत्र के बहादुरपुर कारी गयी थी। 20 मई को उसकी सास ब्रिजकुमारी देवी सड़क दुर्घटना में घायल हो गयी। परिवार के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। इसकी खबर मिलने के बाद प्रीति मयका से सास को देखने सदर अस्पताल पहुंच गयी। 22 मई को प्रीति अपनी सास के लिए जूस लेने के लिए अस्पताल से बाहर निकली और संदिग्ध हाल में लापता हो गयी। इसकी जानकारी होने के बाद मयका और ससुराल पक्ष ने खोजबीन किया, लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका। तीसरे दिन उसकी लाश गंगा नदी पार शिवपुर दियर ब्यासी के पांडे के डेरा के पास उसकी लाश नग्न हाल में बरामद हुई। मृतका की पहचान उसके जेठ मोहन प्रजापति ने मंगलसूत्र के जरिये किया। इसके बाद प्रीति के पिता श्यामदेव प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। सूत्रों की मानें तो पुलिस मृतका के पति और एक अन्य महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि प्रीति की शादी मार्च 2025 में चुन्नीलाल के साथ हुई थी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसकी हत्या कर लाश को नदी पार बिहार से सटे इलाके में फेंका गया है। नगर कोतवाल प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि मुकदमा पंजीकृत मामले की जांच की जा रही है। उनका कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी.
लाश छिपाने की साजिश
कुत्तों ने फेरा पानी कहा जाता है कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर और चालक हो उसका पाप किसी न किसी माध्यम से उजागर हो ही जाता है। कुछ इसी तरह का वाकया रेवती नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी प्रीति की हत्या में सामने आया है। बताया जाता है कि किसी प्रकार से उसकी हत्या करने के बाद आरोपियों ने लाश को गंगा नदी पार कर बिहार की सीमा से सटे शिवपुर दियर ब्यासी के विरान इलाके में बिहार की सीमा से सटे एक खाई में फेंक दिया था। आरोपी इस बात से इत्मिनान थे कि लाश को कोई देख नहीं सकता है। हालांकि उस इलाके में मौजूद कुत्ते लाश को कई दिनों तक खाई में ही नोचते रहे। सोमवार को कुत्ते लाश को नोचते हुए खाई से उपर लेकर पहुंच गये। इसी बीच लाश पर ग्रामीणों की नजर पड़ गयी। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर देकर हत्या करने की बात सामने आयी है। हालांकि इसकी पुष्टि करने के लिए पीएम करने वाले चिकित्सक ने बिसरा सुरक्षित रखवा दिया।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


