बलिया में 132 केंद्रों पर शुरू हुई बोर्ड परीक्षा, डीएम ने कंट्रोल रूम का लिया जायजा
Balia News - बलिया में यूपी बोर्ड की परीक्षा 132 केंद्रों पर शुरू हुई। पहले दिन हाईस्कूल का हिंदी पेपर हुआ। जिला प्रशासन ने नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों की निगरानी की। डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार के लिए निर्देश दिए।
बलिया। यूपी बोर्ड की परीक्षा जिले में 132 केंद्रों पर बुधवार से शुरू हो गई। पहले दिन सुबह की पाली में हाईस्कूल के हिंदी विषय का पेपर हुआ। परीक्षा को नकलविहीन, सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों की स्थिति की जानकारी ली।स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कंट्रोल रूम में कंप्यूटर के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही थी।
इस पर जिलाधिकारी ने बड़ी स्क्रीन लगवाकर उसी पर सभी केंद्रों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी केंद्र पर विद्यार्थी अत्यधिक नजदीक बैठे दिखाई दें या कोई अन्य गड़बड़ी नजर आए तो तत्काल संबंधित प्रधानाचार्य को फोन कर आवश्यक सुधार कराया जाए। जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में स्पीकर और लैंडलाइन कनेक्शन की व्यवस्था उसी दिन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे त्वरित संवाद स्थापित किया जा सके। इसके बाद उन्होंने कुंवर सिंह इंटर कॉलेज स्थित कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया और सीसीटीवी स्क्रीन पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट कक्ष तथा विभिन्न परीक्षा कक्षों की लाइव निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार और सतर्क निगरानी रखें ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


