बलिया। नए साल का पहला दिन दो परिवारों के लिए गहरा घाव लेकर आया। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, गुरुवार की देर शाम नीलगाय को बचाने में पलटी बाइक से सवार पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये।
बांसडीहरोड हिसं के अनुसार बलिया-बांसडीह मार्ग पर बभनौली गांव के पास शुक्रवार की शाम टोचन कर जा रही दो बाइकों में से एक अनियंत्रित होकर पलट गयी। इससे एक बाइक पर सवार युवक की सड़क पर गिरने से मौत हो गयी। दूसरे बाइक पर सवार युवक पुलिस पहुंचने से पहले भाग निकला। देर तक प्रयास के बाद भी मृत युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
मालीपुर हिसं के अनुसार उभांव थाना क्षेत्र के बेल्थरा-नगरा मार्ग पर फरसाटार गांव के पास शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गयी। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
भीमपुरा थाना क्षेत्र के मसुरिया निवासी 14 वर्षीय सैफ अंसारी पुत्र मुख्तार अंसारी तथा 36 वर्षीय राघवेन्द्र सिंह किसी काम से बिल्थरा बाजार गये थे। वापस आते समय फरसाटार गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दिया। इससे सैफ की मौके पर मौत हो गयी, जबकि राघवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गये। मृतक सैफ माता-पिता की इकलौता संतान था।
रसड़ा हिसं के अनुसार बलिया-रसड़ा मार्ग पर सड़ौली मोड़ के पास गुरुवार को देर शाम को सड़क पर अचानक नीलगाय आने के कारण रास्ते से गुजर रही बाइक असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार क्षेत्र के मोतिरा निवासी 40 वर्षीय रवींद्र व पीछे बैठी उनकी पत्नी 35 वर्षीया चंदा गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि इस घटना में चंदा के गोद में रहा छह माह का बच्चा मासूम सुरक्षित बच गया। मासूम को खरोंच तक नहीं आई। घटना के तुरंत बाद पीछे से आए कार सवार लोगों ने रूककर घायल दंपती को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पत्नी की हालत चिंताजनक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।