Balia News: 20 घंटों से दो सौ गांवों की बिजली गुल
Balia News: बलिया, संवाददाता। जिले की बदहाल बिजली आपूर्ति सुधरने का नाम नहीं ले रही

Balia News: बलिया, संवाददाता। जिले की बदहाल बिजली आपूर्ति सुधरने का नाम नहीं ले रही है। इसके कारण उपभोक्ताओं में आक्रोश है। सोमवार को हुई झमाझम बारिश के बाद शहर, कस्बा और गांव तक की बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई है। उपभोक्ताओं के राहत के लिए विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाएं, कंट्रोल रूम और 1912 पर की जाने वाली शिकायतें बेमतलब साबित हो रही है। बिजली आपूर्ति की लचर व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। बरसात के कारण विद्युत वितरण खंड चतुर्थ बैरिया से जुड़े करीब दो सौ गांव की लगभग तीन लाख आबादी 20 घंटे से अंधेरे में है।शहर
में रोजाना तीन से चार घंटे की अघोषित कटौती और लगातार ट्रिपिंग जारी है। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी खराबी, ओवरलोडिंग और फॉल्ट के चलते कई-कई घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रह रही है। रविवार की रात बारिश के बाद शहर के दर्जनों मोहल्लों में रात नौ बजे से बिजली गुल हो गई, जो देर रात करीब दो बजे आई। सुबह आठ बजे से बिजली गुल रही, कंट्रोल रूम में फोन करने पर पता चला कि मिडढी में फाल्ट हो गया, इसके बाद करीब दोपहर 12 बजे बिजली आयी, इसके बाद हर डेढ़ से दो घंटे में बिजली की आवाजाही बनी रही। इससे उपभोक्ता त्रस्त हो गए हैं। बैरिया हिसं के अनुसार क्षेत्र में हुई भारी बरसात के बाद 33 हजार की विद्युत लाइन में कई जगहों पर खराबी आ जाने के कारण पिछले 20 घंटे से क्षेत्र के दो सौ से अधिक गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। लगभग तीन लाख की आबादी बिजली के लिए इस गर्मी और उमस में परेशान है। बैरिया विद्युत वितरण खंड के विद्युत उपकेंद्र बैरिया नगर, बैरिया देहात, लोकधाम ठेकहा, विद्युत उपकेंद्र जयप्रकाश नगर की विद्युत आपूर्ति रविवार की रात से ही ठप पड़ी हुई है। बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से यहां मोबाइल टावर काम करना बंद कर दिए हैं। वहीं साइबर कैफे व अन्य सेवाएं भी प्रभावित हो गई हैं। इस सम्बंध में उपखंड अधिकारी हंसराज यादव ने बताया कि कई जगहों पर इंसुलेटर ब्रस्ट हो गया है। देर शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल हो जायेगी। लेकिन समाचार लिखे जाने तक आपूर्ति चालू नहीं हो सकी थी। बिजली आपूर्ति व्यवस्था को संचालित करने वाली संस्था ग्लोबल टेक ने आउटसोर्सिंग लाइनमैनों की ड्यूटी सुबह 9 से शाम 5 बजे तक तथा फेश मास्क अटेंडेंस निर्धारित कर दिया है। इसके बाद विद्युत वितरण खंड चतुर्थ बैरिया के विद्युत उपकेंद्र जयप्रकाश नगर,विद्युत उपकेंद्र लोकधाम ठेकहा, विद्युत उपकेन्द्र बैरिया तहसील व विद्युत उपकेंद्र बैरिया देहात बिजली की व्यवस्था चरमरा गई है। लाइनमैनों का कहना है कि डियूटी समाप्त होने के बावजूद उन्हें रात में किसी भी समय उपभोक्ताओं की शिकायत व अधिकारियों के निर्देश पर लाइन ठीक करने जाना पड़ता हैं। ऐसे में अगर रात में ड्यूटी के दौरान कोई केजुएल्टी होती है तो उसका जिम्मेदार कौन होगा। उधर, उपभोक्ताओं का कहना है कि जब से फेस एटेंडेंस की व्यवस्था लागू हुई है लाइनमैन किसी की बात नहीं सुन रहे हैं। वह साफ कहते है कि उनकी डियूटी का समय समाप्त हो हो गया है। ऊपर के अधिकारियों से बात कर लीजिए। इस सम्बंध में जेई तहसील मनोज कुमार वर्मा का कहना है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की ड्यूटी सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगी।


