दो बाइकों को टक्कर मारकर वाहन पलटा, एक युवक की मौत
Balia News - बांसडीह में एक तेज रफ्तार वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बांसडीह-मनियर मार्ग पर हुआ। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि चालक और अन्य लोग फरार हो गए।
बांसडीह (बलिया)। बांसडीह-मनियर मार्ग पर कस्बा के पाण्डेय के पोखरा के पास बुधवार की देर रात तेज रफ्तार वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। घटना के बाद वाहन बिजली के पोल से टकराकर पलट गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मनियर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने बांसडीह से मनियर की ओर जा रहे एक बाइक को टक्कर मार दी। आगे एक अन्य मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराकर पलट गया।
इससे अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के कैथवली गांव निवासी बाइक सवार 19 वर्षीय नीरज गोंड की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा कैथवली निवासी 22 वर्षीय आकाश गोंड घायल हो गया। दूसरी बाइक पर मनियर की ओर जा रहे बैरिया कस्बा निवासी 41 वर्षीय राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी उन्हें वाराणसी भेज दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जा में लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। बोलेरो सवार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन पलटने के बाद फरार हो गए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


