Balia News: बारिश ने भादो की झपसी की दिलाई याद
Balia News: बलिया, संवाददाता। ‘माघा नक्षत्र’ के अंतिम और पुर्वा नक्षत्र के पहले (अगस्त महीने

Balia News: बलिया, संवाददाता। ‘माघा नक्षत्र’ के अंतिम और पुर्वा नक्षत्र के पहले (अगस्त महीने के आखिरी दिन) दिन सोमवार को झमाझम और रिमझिम बारिश ने भादो महीने के झपसी की याद ताजा कर दी है। मौसम बदलने से खरीफ की मुख्य फसल धान को संजीवनी मिली है, वहीं सुहावना मौसम ने उमसभरी गर्मी से लोगों को राहत देने का काम किया है। बरसात के चलते सड़कों पर कीचड़, फिसल और जल जमाव के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। शहर से गांव तक के लोग व्यवस्था को कोसते हुए गंतव्य को रवाना हुए। आज अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम 27 डिग्री रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर रिमझिम बारिश होने की संभावना व्यक्त किया है।मानसून की सक्रियता खेती के लिए वरदान साबित हो रही है। खरीफ की मुख्य फसल धान के लिए आसमान से पड़ रहे फुहार से पौध का बढ़वार तेजी से होगा, मौसम को देखकर किसान बेहद खुश नजर आ रहे हैं। कृषि विज्ञान केंद्र सोहांव पर तैनात वैज्ञानिक डॉ. सामेन्द्र ने बताया कि भादो के महीने में हुई यह रिमझिम बारिश धान की फसल के कल्ले निकलने और पौधों के विकास के लिए सबसे उत्तम है। खेतों में पर्याप्त पानी होने से हरियाली लौट आयेगी, जिससे बेहतर पैदावार की उम्मीद है। बारिश से धान के अलावा बाजरा, मक्का और मौसमी सब्जियों को भी फायदा होगा। इन सबके बीच एक ओर बारिश किसानों के लिए खुशहाली लेकर आई है, वहीं दूसरी तरफ नगरीय और ग्रामीण इलाकों के सड़कों पर कीचड़ और फिसलन के कारण आवागमन में परेशानी खड़ी कर दी है। बदहाल सड़कों के कारण दोपहिया वाहन चालक और आम राहगीर कीचड़ के कारण फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। शहर से सटे चंद्रशेखर नगर के आस-पास सड़क पर जल जमाव से छोटे बड़े वाहन चालकों को बेहद परेशानी होती दिखी। लोग व्यवस्था को कोसते हुए गंतव्य की ओर रवाना हुए।


