बलिया। बैरिया क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई। इससे आक्रोशित लोगों ने शव के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (एनएच)को लगभग तीन घंटे जाम कर दिया। सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त के समझाने पर लोग शांत हुए। इसके बाद किशोर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हिसं बैरिया के मुताबिक सोनबरसा निवासी सुनील माली रविवार सुबह खेत में काम कर रहे थे। उनका बेटा 14 वर्षीय भूलन दिन में घर से पिता का खाना लेकर खेत की ओर जा रहा था। गांव के सामने सड़क पार करते समय वह तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आ गया। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गया। आनन-फानन में लोगों ने उसे सोनबरसा सीएचसी पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने किशोर के साथ एनएच-31 को जाम कर दिया। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गयी।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही बैरिया के एसओ संजय त्रिपाठी मौके पर पहुंच गये। उन्होंने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। बावजूद इसके उन्हें सफलता नहीं मिली। अपने कैंप कार्यालय में मौजूद सांसद वीरेन्द्र सिंह ‘मस्त को घटना की सूचना मिली तो वह तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने चक्काजाम कर रहे लोगों को हरसंभव मदद का भरोसा देकर शांत कराया। लगभग तीन घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हो गया। लोगों ने बताया कि सुनील माली की चार संतानों में भूलन सबसे छोटा था। वह आठवीं का छात्र था।