40 दिनों में छह केन्द्रों पर 64 हजार कुंतल गन्ना की खरीद
Balia News - बलिया में 10 दिसम्बर से गन्ना की खरीद शुरू हुई थी, लेकिन 40 दिनों में केवल 64 हजार कुंतल गन्ना खरीदा गया। किसानों को ठंड से बचाव के उचित इंतजाम नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ा। भुगतान में देरी से किसान मायूस हैं, जबकि गन्ना बिक्री के लिए 4.45 लाख कुंतल बांड भरे गए हैं।

बलिया, संवाददाता। कहने को तो जिले में बीते 10 दिसम्बर से छह केंद्रों पर गन्ना की खरीद शुरू हो गई थी। लेकिन सोमवार तक कुल 40 दिनों में महज 64 हजार कुंतल गन्ना की खरीद हो सकी है। ‘हिन्दुस्तान’ टीम ने मंगलवार को कुछ क्रय केंद्रों की पड़ताल की। इस दौरान केद्रों पर किसानों को ठंड से बचाव का उचित इंतजाम नहीं होने से परेशानी होती दिखी। विभाग के तमाम प्रचार-प्रसार के बाद भी जिले में ईख की खरीद रफ्तार नहीं पकड़ रही है। वहीं भुगतान में भी विलम्ब से किसानों में मायूसी नजर आई। आंकड़ों की मानें तो जिले के किसानों ने 4.45 लाख कुंतल गन्ना बिक्री के लिए बांड भरा है।
जिले का गन्ना प्रतापपुर चीनी मिल ने 12 हजार कुंतल और घोसी चीनी मिल 52 हजार कुंतल गन्ना की खरीद किया है। जबकि जनपद से सबसे अधिक 1055 हेक्टेयर में लगे ईख की फसल की खरीदारी घोसी चीनी मिल करेगा, जबकि देवरिया जिले की प्रतापपुर चीनी मिल 302 हेक्टेयर का गन्ना खरीदने का एग्रीमेंट किया है। दोनों मिलों की ओर से सिकंदरपुर, मनियर, खरीद घाट, रतनपुरा, रसड़ा, तिलौली में कांटा लगा है। यहां किसान ट्रैक्टर से गन्ना लेकर पहुंच रहे हैं। गन्ना की तौल के लिए किसान ट्राली पर गन्ना लादकर कतार में लगे दिखे। किसानों ने बातचीत में बताया कि कुछ का पैसा मिला है, बाकी के भुगतान के सम्बंध में केवल आश्वासन दिया जा रहा है। विभाग के आंकड़ों में घोसी चीनी मिल पर 1.93 करोड़ इस सत्र का बकाया है, जबकि प्रतापपुर चीनी मिल पर 3.28 लाख बकाया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



