
मंदिर में चोरी के विरोध में बंद रहा सुखपुरा बाजार
Balia News - सुखपुरा, हिन्दुस्तान संवाद। आठ दिनों बाद भी मंदिर में हुई चोरी का खुलासा
सुखपुरा, हिन्दुस्तान संवाद। आठ दिनों बाद भी मंदिर में हुई चोरी का खुलासा नहीं होने से नाराज कस्बा के दुकानदारों ने सोमवार को आधे दिन बाजार बंद रखा इसको देखते हुए सुबह से ही पुलिस जगह-जगह अलर्ट रही। दुकानदारों का कहना था कि अगर घटना का पर्दाफाश नहीं हुआ तो अनिश्चित काल के लिए बाजार को बंद कर दिया जायेगा। चार जनवरी की रात स्थानीय गांव के प्राचीन बुढ़वा शिव मंदिर से चोर चांदी से जड़ा अरघा समेत शिवलिंग उखाड़ ले गये। इसकी जानकारी अगले दिन पांच जनवरी की सुबह मंदिर पर पहुंचे पुजारी प्रभुनाथ उपाध्याय को हुई तो उन्होंने ग्रामीणों को घटना से अवगत कराया।
चोर बुढ़वा शिव मंदिर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा से आभूषण और एक अन्य शिवालय की दानपेटी तोड़कर नगदी समेट ले गये। इसके बाद पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेने के बाद ग्रामीणों को जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया। हालांकि अब तक घटना का पर्दाफाश नहीं होने से नाराज व्यापारी संगठनों ने बाजार बंद करने की अपील किया था। संयुक्त व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अप्पू सिंह व रोहित सिंह ने संयुक्त रुप बयान जारी कर दोपहर तक दुकानें बन्द रखने की अपील किया था। सोमवार की सुबह अधिकांश दुकानें बंद थी। कुछ छिटपुट खुली भी व्यापारी संगठन के नेताओं ने समझा-बुझाकर उन्हें भी बंद करा दिया। दुकानदारों का कहना है कि यह केवल आशिंक बंदी है। अगर घटना का खुलासा नहीं हुआ तो बाजार को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया जायेगा। बंदी को देखते हुए सुखपुरा समेत कई थानों की फोर्स और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया था। इस मौके पर अख्तर अली, गणेश प्रसाद गुप्ता, राजू वारसी, संतोष रौनियार, प्रदीप गुप्ता, राम नारायण सिंह, राजकुमार स्वर्णकार, बसंत कुमार सैनी, जितेंद्र गुप्ता, सूर्य प्रकाश उर्फ पिंटू, अनिल गुप्ता, राहुल सिंह, टिंकू, अरविंद कुमार मंटू, राजेश वर्मा, अनिल गुप्ता आदि थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




