पारा @42, गर्म हवा से झुलस रहा शरीर
बलिया, संवाददाता। मौसम की तल्खी के साथ तापमान के बढ़ते तेवर ने लोगों
बलिया, संवाददाता। मौसम की तल्खी के साथ तापमान के बढ़ते तेवर ने लोगों को बेहाल कर दिया है। हीटवेव के अलर्ट के बीच तीखी धूप लोगों का शरीर झुलसा रही है। सुबह के 11 बजने के साथ ही धूप और उमस ने जनजीवन अस्त-व्यस्त करना शुरू दिया। और दोपहर होते-होते बाजार और सड़कें सूनी हो गई। तपिश के कारण मई में ही जून की उमसभरी गर्मी का अहसास होने लगा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री रिकार्ड किया गया।इन दिनों आग उगलती धूप नौतपा जैसी तपन महसूस करा रही है, इसमें सड़कों पर निकलना चुनौती बन गया है।
गर्मी का असर सिर्फ आमजन पर ही नहीं बल्कि बेजुबानों पर साफ दिखने लगा है। बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहने से कारोबार भी प्रभावित हुआ। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग गमछा, टोपी और काला चश्मा लगाकर निकल रहे हैं। वहीं महिलाएं व युवतियां स्टोल से चेहरा ढंककर और छाते का सहारा लेकर चलती नजर आईं। दोपहर में शहर के प्रमुख चौराहों पर राहगीरों की आवाजाही कम रही। रेलवे स्टेशन पर भी यात्री गर्मी से बेहाल नजर आए। दोपहर में प्रचंड धूप व्याकुल लोग छांव की तलाश करते दिखे। इन दिनों सड़कों के किनारे लगे ठेले पर ककड़ी, खीरा और जूस विक्रेताओं की खूब चांदी है, उनके यहां ग्राहकों की भीड़ काफी बढ़ गई है। ग्रामीण इलाकों से कचहरी और कलक्ट्रेट समेत अन्य आफिसों में जरूरी काम से आए लोग दोपहर में शहर के टीडी कॉलेज चौराहे से कुंवर सिंह चौराहा तक सड़क किनारे पेड़ों की छांव तथा चंन्द्रशेखर उद्यान में दोपहरी गुजारते दिखे। मौसम विभाग भीषण गर्मी से फिलहाल राहत नहीं मिलने की संभावना व्यक्त किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


