
सांसद ने सुल्तानपुर और भोजपुरवा में कटान का किया निरीक्षण
Balia News - बांसडीह, हिन्दुस्तान संवाद। सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने शुक्रवार को सरयू नदी से
बांसडीह, हिन्दुस्तान संवाद। सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने शुक्रवार को सरयू नदी से सुल्तानपुर और भोजपुरवा गांव के पास हो रहे कटान का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद को छह सूत्री मांगपत्र सौंपा। बातचीत में ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि सुल्तानपुर और भोजपुरवा गांव की सैकड़ों एकड़ खेती की जमीन नदी की धारा में विलीन हो चुकी है। वहीं प्रशासन की ओर से खादीपुर गांव में बनाया गया स्पर (ठोकर) कटान रोकने में बेअसर साबित हो रहा है। कटान तेजी से गांव की ओर बढ़ रहा है। मांग की कि सुल्तानपुर में जल्द से जल्द एक नया और मजबूत स्पर बनाया जाए ताकि गांव को नदी के कटान से बचाया जा सके।
मौके से ही सांसद ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और अधिशासी अभियंता संजय मिश्र से फोन पर बात किया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुल्तानपुर में नए स्पर के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने और विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिया। सांसद ने आरोप लगाया कि किसानों की जमीन नदी में समाहित हो रही है और प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। बताया कि वह 25 अक्तूबर को प्रमुख सचिव, लखनऊ से मिलकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग करेंगे। उनके समक्ष ग्रामीणों ने प्रशासनिक लापरवाही पर नाराजगी जताई। कहा कि हर साल सिर्फ सर्वे होता है, लेकिन कोई ठोस काम नहीं होता हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह सामूहिक आंदोलन करेंगे। इस मौके पर शिवजी सिंह, निर्भय नारायण सिंह, मनन कुमार सिंह, जगनारायण यादव, भरत सिंह, उदयबहादुर सिंह, सुग्रीव यादव, विजय यादव, संजय सिंह परिहार, रमाकांत राम, ओमप्रकाश उपाध्याय, जेपी यादव आदि थे । ---------

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




