Balia News: वास्तविक स्थिति जांच कर शिकायतों का करें निस्तारण
Balia News: बलिया, संवाददाता। सदर तहसील सभागार में सोमवार को मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस का

Balia News: बलिया, संवाददाता। सदर तहसील सभागार में सोमवार को मुख्य संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमे राशन कार्ड, नालों की मरम्मत, वरासत-बैनामा समेत बड़ी संख्या में भूमि विवाद से जुड़े एवं जमीन पर अवैध कब्जे आदि की कुल 90 प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किए गए, जिसमें आठ का मौके पर निस्तारण हुआ। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, एसपी ओमवीर सिंह शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने का निर्देश दिया। कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए समाधान करें।समाधान
दिवस पर डीएम ने तालाब, आबादी की जमीन तथा अन्य सार्वजनिक भूमि पर कब्जे से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध कब्जों के मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावी कार्रवाई करें। इन मामलों में मौके पर जांच की आवश्यकता है, वहां नायब तहसीलदार, कानूनगो, लेखपाल एवं पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच करें और नियमानुसार फरियादी को न्याय दिलाएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि संबंधित अधिकारी आज ही मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करें, निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चेतावनी दी कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने फरियादियों को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर सीडीओ आलोक कुमार, सीएमओ डॉक्टर अभय कुमार राय, एसडीएम सदर, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारी थे।


