नगर पंचायत ने अतिक्रमण हटाने को जारी किया नोटिस

Apr 05, 2026 10:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बलिया
share

Balia News - सिकंदरपुर में अतिक्रमण की समस्या बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों को यातायात में दिक्कतें आ रही हैं। नगरवासियों ने हॉस्पिटल रोड से रेलवे स्टेशन तक अतिक्रमण हटाने की मांग की है। इसके साथ ही, उन्होंने सड़क की सफाई और सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की भी मांग की है। नगर पंचायत ने अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया है।

नगर पंचायत ने अतिक्रमण हटाने को जारी किया नोटिस

सिकंदरपुर। स्थानीय कस्बा में अतिक्रमण की समस्या दिनो दिन गंभीर होती जा रही है, जिससे लोगों को आवागमन में बेहद परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में नगरवासियों ने नगर पंचायत से नगर के हॉस्पिटल रोड से लेकर रेलवे स्टेशन तक तथा बस स्टेशन चौराहे से जलपा चौक, सुनार गली होते हुए अस्पताल तक फैले अतिक्रमण को हटाए जाने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि सड़कों पर दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जों के कारण यातायात बाधित हो रहा है और अक्सर जाम का झाम लोगों को परेशान कर रहा है। नगरवासियों ने नपं से केवल अतिक्रमण हटाने के साथ ही अस्पताल जाने वाली सड़क पर प्रकाश आदि की व्यवस्था दुरूस्त कराने की मांग की है।

लोगों ने नगर की सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई है। बाजार से लेकर स्टेशन तक डिवाइडर के किनारे खड़ी रहने वाली गाड़ियों को लेकर भी लोगों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इन वाहनों के कारण सड़क संकरी हो जाती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान काटा जाना चाहिए। इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकार मनोज पांडेय ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है और दुकानदारों को इसकी सूचना भी दी जा रही है। आश्वासन दिया कि बहुत जल्द पुलिस और प्रशासन के सहयोग से अभियान चलाकर अतिक्रमण को हटाया जाएगा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।