
3.75 लाख के गांजा संग युवती गिरफ्तार, भाई फरार
Balia News - दलनछपरा, हिन्दुस्तान संवाद। दोकटी पुलिस ने बुधवार की रात करीब 3.75 लाख रुपये
दलनछपरा, हिन्दुस्तान संवाद। दोकटी पुलिस ने बुधवार की रात करीब 3.75 लाख रुपये के गांजा के साथ एक युवती को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसका भाई भागने में कामयाब हो गया। पुलिस दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष दोकटी अनुपम जायसवाल सिपाहियों के साथ रात में गयत कर रहे थे। इस दौरान उन्हें जानकारी मिली की वाजिदपुर ढाला के पास कुछ संदिग्ध मौजूद है। इसके आधार पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो दो लोग हाथ में प्लास्टिक का बोरा लेकर जाते हुए नजर आये। पुलिस ने पीछा किया तो एक व्यक्ति बोरा फेंककर फरार हो गया, जबकि एक युवती को पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार पकड़ी युवती की पहचान दोकटी थाना क्षेत्र के रामपुर वाजिदपुर निवासी निधि पुत्री अशोक के रूप में हुई। उसके पास मौजूद बोरा में साढ़े सात किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में बताया कि मेरे साथ मेरा भाई राजू उर्फ सोनू था। उसके द्वारा फेंके गये बोरे से भी पुलिस ने गांजा बारामद किया। दोनों के पास से करीब 15 किलो गांजा बरामद करने के बाद पुलिस ने आरोपी युवती से पूछताछ की तो उसने बताया कि गांजा की खेप बिहार सप्लाई करने के लिए लेकर जा रहे थे। एसओ दोकटी का कहना है कि युवती का परिवार लम्बे समय से गांजा तस्करी के काम से जुड़ा है। फरार राजू पर इसके पहले भी एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज है। उनका कहना है कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसओ के अलावे एसआई रामअवध यादव, सिपाही रामबाबू गोस्वामी, सुरेंद्र यादव, संदेश, सुनील, कविता चौहान आदि थीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




