ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बलियाखेतों में गिरी धान की फसल, खेती पर गहराया संकट

खेतों में गिरी धान की फसल, खेती पर गहराया संकट

बलिया। संवाददाता पहले से ही मौसम की मार झेल रहे किसानों को फिर से

खेतों में गिरी धान की फसल, खेती पर गहराया संकट
हिन्दुस्तान टीम,बलियाTue, 19 Oct 2021 03:10 AM
ऐप पर पढ़ें

बलिया। संवाददाता

पहले से ही मौसम की मार झेल रहे किसानों को फिर से शुरू हुई बारिश अब डराने लगी है। बारिश से खरीफ की मुख्य फसल धान को नुकसान पहुंचने से चिंता बढ़ गयी है। पहले बाढ़ व लगातार बारिश से धान की फसल बर्बाद हो गयी थी और अब बालियां निकलने को है तो लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने दिक्कत बढ़ा दी है।

रविवार की शाम के बाद सोमवार की सुबह दिन साफ हुआ तो किसानों को लगा कि अब दिन ठीक होगा। इसी बीच करीब तीन बजे फिर से बारिश होने लगा। तेज हवा के साथ बारिश से गड़हांचल समेत बांगर के सिकंदरपुर, रसड़ा, चिलकहर, बिल्थरारोड व मनियर क्षेत्र में बाली निकले धान की फसलें गिर गयी है। इससे धान की फसल बर्बाद होने की चिंता किसानों को सता रही है। किसानों को यह भय सताने लगा है कि खरीफ की फसल तो बर्बाद हुई सो हुई ही अब रबी की बुआई भी समय से नहीं हो पायेगी। ऐसे में दोनों फसलों के बर्बाद होने से किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ेगी। बरसात के चलते सब्जी व मक्का की खेती को भारी नुकसान हुआ है। अतिवृष्टि से अधिकांश फसल पहले ही बर्बाद हो गयी थी, अब बारिश ने बची-खुची फसल को भी बर्बाद कर दिया।

कृषि विज्ञान केंद्र सोहांव के प्रो. रवि मौर्य की मानें तो अब हो रही बारिश सब्जी, मक्का आदि फसलों के लिए हानिकारक है। इस बारिश से रबी की फसल बुआई में देर होगी।

बाढ़ से बची फसल बारिश में चौपट

बिल्थरारोड। रविवार व सोमवार को तेज हवा के साथ हुई बरसात ने किसानों को तबाह कर दिया है। बाढ़ में डूबकर बर्बाद होने के बाद अब किसानों की बची हुई फसल खेतों में गिर कर पसर गयी है। खेतों में खड़ी धान की फसल पर बारिश आफत बनकर टूट रही है। एक तरफ बाढ़ ने किसानों की फसल चौपट किया था, वहीं रविवार और सोमवार को तेज हवा और बारिश से किसानों की धान की फसल खेत में गिरकर खराब हो गयी है। बारिश से गन्ना, सब्जी, अरहर आदि की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। इससे किसानों में मायूसी है। ऐसे में किसानों को लागत निकलने की चिंता भी सताने लगी है।

हिसं रसड़ा के अनुसार दो दिनों से मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार से ही कभी धूप तो कभी आसमान में बदली छाए रहने के बाद सोमवार को दोपहर बाद से तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे धान की फसल की क्षति हुई है। किसानों ने बताया बारिश होने से धान की फसल को नुकसान पहुंची है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें