बेल्थरारोड नगर पंचायत को जल्द मिलेगा एक और अमृत सरोवर, 25 लाख जारी
Balia News - बिल्थरारोड में श्याम सुंदरी बालिका इंटर कॉलेज के पास डॉ. भीमराव आंबेडकर अमृत सरोवर का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस परियोजना पर 41.90 लाख रुपए खर्च होंगे, जिसमें से 25 लाख रुपए की पहली किस्त जारी की गई है। यह पोखरा जल संरक्षण और नगर की सुंदरता बढ़ाने में मदद करेगा।

बिल्थरारोड (बलिया)। नगर को जल्द ही एक और सुंदर तथा उपयोगी जलस्रोत की सौगात मिलने जा रही है। नगरीय झील, तालाब, पोखर संरक्षण योजना के तहत वार्ड नंबर एक स्थित श्याम सुंदरी बालिका इंटर कॉलेज के पास डॉ. भीमराव आंबेडकर अमृत सरोवर का निर्माण शुरू हो गया है। इस परियोजना पर कुल 41.90 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे, जिसके सापेक्ष शासन की ओर से पहली किस्त के रूप में 25 लाख रुपए जारी किए जा चुके हैं। राशि जारी होने के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश कुमार गुप्त ने सभासदों के साथ शुक्रवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
करीब 12 डेसिमल क्षेत्रफल में विकसित होने वाली इस पोखरे को भू माफियाओं की नजर से बचाने के लिए प्रशासनिक सहयोग से नापी कराकर खूंटा लगवाया गया है। इसके बाद जेसीबी से खुदाई का कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना को करीब 5 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आंबेडकर अमृत सरोवर के सुंदरीकरण के तहत पाथवे, सीढियों का निर्माण, स्टील रेलिंग, बैरिकेडिंग तथा डॉ आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके निर्माण से न केवल नगर की सुंदरता में इजाफा होगा, बल्कि जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


