Balia News: सावन के तीसरे सोमवार पर जलाभिषेक को उमड़े भक्त
Balia News: बलिया, संवाददाता। भोलेनाथ के प्रिय महीना सावन के तीसरे सोमवार पर जिले भर

Balia News: बलिया, संवाददाता। भोलेनाथ के प्रिय महीना सावन के तीसरे सोमवार पर जिले भर के शिवालयों में महिला व पुरुष भोला भक्तों ने बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। शहर के लगायत गांव तक शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भोर से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रूद्राभिषेक, शिवचालीसा पाठक से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच भक्तों ने शिवलिंग पर भांग, धतुरा, बिल्वपत्र चढ़ाकर पूजन-अर्चन किया तथा परिवार के सुख समृद्धि की कामना किया। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम के बीच हजारों की संख्या में भोला भक्तों ने दर्शन-पूजन और जलाभिषेक किया.
आकर्षक युवा शिवभक्तों की भीड़
शहर के ऐतिहासिक बालेश्वर मंदिर में आधी रात के बाद ही युवा शिवभक्तों की भारी भीड़ कतार में लगी दिखी। इनका उत्साह देखते ही बन रहा था। भोर के चार बजे के आस-पास हजारों की संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु अलग-अलग कतार में लगे थे और बीच-बीच में महादेव के जयघोष के साथ बोल बम के नारा लगा रहे थे, जिससे ब्रह्ममुहुर्त में ही पूरा शहर शिवमय हो उठा। बालेश्वर मंदिर पर जिले के कोने-कोने से आए श्रद्धालु भोला भक्तों के साथ पड़ोसी राज्य बिहार के बक्सर और आरा से भी काफी संख्या में पहुंचे शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इसके अलावा शहर के कैलाश धाम शिवालय, भृगु मंदिर, मुक्तेश्वर महादेव मंदिर के अलावा कामेश्वर धाम कारो में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। यहां उजियार, भरौली, नरही, सोहांव के भारी संख्या में शिवभक्तों ने कांवर पर जल लेकर भोर में कारो धाम पहुंचे और जलाभिषेक किया.
प्राकृतिक स्थल पर श्रद्धालुओं की भव्य कतार
रसड़ा हिसं के अनुसार सावन महीने के तीसरे सोमवारी को क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों पर सुबह से पूजा-अर्चना व बाबा को जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी। ऐतिहासिक व पौराणिक स्थल लखनेश्वरडीह किला स्थित बाबा लखनेश्वर महादेव मंदिर पर लंबी कतार में खड़े श्रद्धालु महिलाएं, पुरुष, युवक और युवतियों ने पूजा-अर्चना की।इस दौरान पूरा इलाका हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा। यहां पहुंचे श्रद्धालु तमसा नदी में स्नान ध्यान के बाद भूगर्भ में स्थित बाबा को जलाभिषेक दुग्धाभिषेक कर बाबा को भांग, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प आदि चढ़ाकर लोक मंगल की कामना कर रहे थे। श्रद्धालुओं ने लखनेश्वर किला स्थित श्रीहरि विष्णु भगवान का भी दर्शन-पूजन किया। नगर के सिद्ध संत श्रीनाथ मठ स्थित शिव मंदिर व बाबा के मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बेल्थरारोड हिसं के अनुसार सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों और नगर पंचायत बेल्थरारोड स्थित शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही शिवालयों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु घंटों मंदिरों के बाहर कतार में खड़े रहे। हाथों में बेलपत्र, धतूरा, भांग, दूध, जल, फल और पुष्प लेकर भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। कई मंदिरों में सुबह से ही विशेष पूजा और जलाभिषेक का दौर चलता रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। उभांव थानाध्यक्ष दिनेश कुमार पाठक और सीयर पुलिस चौकी प्रभारी नीरज यादव विभिन्न शिव मंदिरों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिखे.


