Balia News: शराब पीने से रोकने पर मारपीट, दो आरोपियों को पकड़ा
Balia News: भरौली, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय गोलम्बर और आसपास के इलाकों में शराबियों का आतंक

Balia News: भरौली, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय गोलम्बर और आसपास के इलाकों में शराबियों का आतंक दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। एक दिन पहले आभूषण कारोबारियों के साथ हुई लूट की घटना के अगले दिन शराब पीने से मना करने पर आधा दर्जन बदमाशों ने हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया। शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि उनके अन्य साथी भागने में कामयाब हो गये। पुलिस पकड़े गये आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।नरही थाना क्षेत्र के नसीरपुर मठ निवासी रमेश यादव का स्थानीय गोलम्बर पर मकान और कटरा है। रोज की तरह रविवार की रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर दुकानदार घर जा चुके थे।
मकान मालिक रमेश कटरा के सामने बैठे हुए थे तभी एक बाइक पर सवार होकर दो युवक पहुंचकर शराब पीने लगे। रमेश का कहना है कि जब उन्हें सावर्जनिक जगह पर शराब पीने से मना किया तो युवकों ने फोन कर अपने और साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने रमेश पर हमला कर दिया। शोर सुनकर स्थानीय गांव निवासी रमाकांत यादव और उजियार निवासी भूषण राय पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट किया। आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी तथा ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि चार भागने में कामयाब हो गये। भीड़ ने आरोपियों की मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसकी सूचना पाकर पहुंची पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने चली गयी। बताया जाता है कि पकड़े गये दोनों आरोपी बिहार के बक्सर शहर के रहने वाले हैं। इस सम्बंध में एसपी ओमवीर सिंह का कहना है कि भरौली गोलम्बर पर मारपीट की घटना हुई है। दो आरोपी पकड़े गये हैं जिनसे पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


