रेस्क्यू टीम का होता रहा इंतजार, तेंदुआ हो गया फरार
Balia News - मनियर, हिन्दुस्तान संवाद। इलाके के पुरुषोत्तम पट्टी गांव में पिंजरा लगाकर वन विभाग
मनियर, हिन्दुस्तान संवाद। इलाके के पुरुषोत्तम पट्टी गांव में पिंजरा लगाकर वन विभाग की टीम रेस्क्यू टीम का इंतजार करती रह गयी, जबकि तेंदुआ पहले ही फरार हो जाने में कामयाब हो गया था। रात में सर्चिंग अभियान चलाया गया जिसमें कामयाबी नहीं मिलने पर टीम वापस लौट गयी। वैसे वन विभाग की ओर से इलाके में मानिटरिंग और निगरानी की जा रही है।पुरूषोत्तमपट्टी निवासी 60 वर्षीय विजय राजभर शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे पशुओं के लिए हरा चारा काटने खेत में गए थे। उसी समय अचानक जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया था। उनके चीखने-चिल्लाने पर पहुंचे लोगों ने उन्हें सीएचसी सिकन्दरपुर पहुंचाया।
ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। साहस दिखाते हुए 20 वर्षीय राज यादव भी खेत के पास पहुंचा तो तेंदुए ने उस पर भी हमला कर दिया। उसका भी उपचार सीएचसी में कराया गया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तेंदुआ को पकड़ने तथा क्षेत्र को सुरक्षित करने में जुट गयी। ड्रोन से खेत का निरीक्षण किया तो शुक्रवार के दिन तेंदुआ कैमरे में कैद हो गया। इसके बाद रात में जेनरेटर चलाकर प्रकाश का इंतजाम किया गया। विभाग ने प्लास्टिक की जाली से खेत की घेराबंदी की। इसके बाद एक कोने पर लोहे का बड़ा पिंजरा लगाकर उसमें बकरी बांधी गयी। आसपास के खेतों और रास्तों पर पूरी रात पेट्रोलिंग की गयी। हालांकि तेंदुआ गिरफ्त में नहीं आ सका। बताया जाता है कि शनिवार की देर शाम गोरखपुर से पहुंची रेस्क्यू टीम ने जेसीबी से रात में ही ज्वार के खेत को रौद दिया, लेकिन तेंदुआ का सुराग नहीं लग सका। ऐसे में वन विभाग के अफसर तेंदुआ के शुक्रवार की रात ही इलाके से चले जाने की सम्भावना जता रहे हैं। वैसे वन विभाग की टीम पुरुषोत्तम पट्टी के साथ ही आसपास के गांवों की निगरानी कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


