अब आधा घंटा पहले ही जान सकेंगे कहां लगेगा आपका कोच
Balia News - बलिया, संवाददाता। हर दिन प्लेटफार्म पर बोगियों को खोजने की दिक्कत तथा गलत

बलिया, संवाददाता। हर दिन प्लेटफार्म पर बोगियों को खोजने की दिक्कत तथा गलत जानकारी के चलते दौड़ लगाने से रेल यात्रियों को जल्द ही मुक्ति मिलने वाली है। यात्रियों को अब ट्रेन आने के आधा घंटे पहले ही पता चल जाएगा कि प्लेटफार्म पर उनका कोच कहां लगेगा। इसको लेकर अफसरों की ओर से जारी निर्देश के बाद काम शुरु हो गया है।रेलवे की ओर से बड़े स्टेशनों पर कोच डिस्पले सिस्टम लगाया गया है। ट्रेन के पहुंचने से पांच-दस मिनट पहले डिस्पले के जरिये यात्रियों को प्लेटफार्म पर उनके कोच के बारें में जानकारी हो पाती है। इसका कारण यह है कि वर्तमान में इसे मैनुअल फीडिंग किया जाता है।
कई बार यात्री दूसरी जगह सामान और परिवार के साथ खड़े रहते हैं तथा उनका कोच दूसरी जगह लग जाता है। इस तरह की समस्यायों से निजात दिलाने के लिए रेल प्रशासन की ओर से स्टेशनों के सभी प्लेटफार्म पर लगे कोच गाइडेंस सिस्टम (सीजीएस) को नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) से जोड़ने की कवायद हो रही है। इसके लिए अपडेटेड डिस्प्ले सिस्टम को भी मंगाया जा रहा है। इससे सभी बोगियों की सही लोकेशन तो मिलेगी ही साथ ही करीब आधा घंटे पहले ही डिस्प्ले के जरिये कोच की सही जगह की भी जानकारी मिल जायेगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कोच गाइडेंस सिस्टम में मैनुअल फीडिंग से अक्सर प्लेटफार्मों पर बोगियों को खोजने में यात्री परेशान होते हैं। बताया जाता है कि कोच डिस्प्ले बोर्ड पर लोकेशन फ्लैश होते ही यात्री सामान लेकर अपने कोच के सामने जाने लगे। हालांकि कई बार ट्रेन आने पर स्लीपर की जगह थर्ड एसी व जनरल की जगह सेकेंड एसी का डिब्बा खड़ा मिलता है। इसके चलते यात्री काफी परेशान होते हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सिस्टम बदलने के बाद मैनुअल फीडिंग बंद जायेगी और ट्रेन के कोच का सही लोकेशन डिस्प्ले पर खुद-ब-खुद नजर आने लगेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


