ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बलियागंगा की बढ़ी रफ्तार, सैकड़ों बीघा फसल डूबी

गंगा की बढ़ी रफ्तार, सैकड़ों बीघा फसल डूबी

रफ्तार पकड़ चुकी गंगा नदी अभी खतरा बिंदु से ऊपर भले न आई हो लेकिन नदी ने अब प्रभावित क्षेत्रों मे तबाही मचानी शुरू कर दी है। सात सेमी प्रति घंटे बढ़...

गंगा की बढ़ी रफ्तार, सैकड़ों बीघा फसल डूबी
हिन्दुस्तान टीम,बलियाTue, 03 Aug 2021 03:40 AM
ऐप पर पढ़ें

रामगढ़। हिन्दुस्तान संवाद

रफ्तार पकड़ चुकी गंगा नदी अभी खतरा बिंदु से ऊपर भले न आई हो लेकिन नदी ने अब प्रभावित क्षेत्रों मे तबाही मचानी शुरू कर दी है। सात सेमी प्रति घंटे बढ़ रही नदी के बाढ़ का पानी निचले हिस्सों मे फैलने लगा है। साथ ही सैकड़ों बीघे में फैली परवल, नेनुआ, बरबट्टी आदि की फसल जलमग्न हो गयी हैं इससे किसानों की कमर टूट गयी है। उधर, उठते जल स्तर के बाद एनएच-31 के बचाव को करोड़ों की लागत से कटानरोधी कार्य के तहत बनायी गयी मिट्टी की स्लोपिंग भी धीरे-धीरे नदी में समाहित होने लगी है। इसे बाढ़ खण्ड बालू भरी बोरी डालकर रोकने का असफल प्रयास कर रहा है।

केंद्रीय जल आयोग गायघाट के अनुसार सोमवार 11 बजे नदी का जल स्तर 55.570 मीटर रिकार्ड किया गया। जबकि नदी मे 7 सेमी प्रति घन्टे का बढ़ाव हो रहा है। यहां चेतावनी बिन्दु 56.610 मी. व खतरा बिन्दु 57.615 मीटर पर है। आयोग के अनुसार नदी के वेग में और वृद्धि का अंदेशा जताया गया है। बाढ़ का रूप धारण कर रही गंगा के पानी ने मझौवा, धर्मपुरा, गरयां, बेलहरी आदि मौजों के निचले हिस्से के सौ से अधिक बीघे मे फैली सब्जी की फसल को बर्बाद कर दिया है। बीते 12 घण्टों से हो रहे बढ़ाव के बावजूद किसानों को इसका अंदेशा नहीं था। सुबह में पीड़ित किसान जब अपने खेतों का रुख किये तो अधिकांश की फसल पूरी तरह जलमग्न हो गयी थी। कितनों के तो खेतों में रखवाली के लिये लगायी गयी झोपड़ी भी धराशायी होकर बह गयी थी। आहत किसान खेतों में जाने की बजाय आंसू भरी आंखों को लिये घर को वापस हुये।

उधर एनएच को बचाने के लिए स्परों के बगल मे की गयी स्लोपिंग धीरे ल-धीरे नदी में समाहित होने लगी है। तटवर्ती लोगों का आरोप हैं कि जमींदोज हो रही उक्त स्लोपिंग निर्माणाधीन ठोकरों से निकली बलुई मिट्टी से बनाया गया। जिसको दबाने के लिये चैनेलाइजेशन करने की भी कार्यदायी संस्था ने जहमत नहीं उठायी। इसके चलते बाढ़ की शुरुआत में ही यह ध्वस्त होने लगा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें