ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बलियादेश व प्रदेश बचाना है तो सरकार बदलनी होगी : माता प्रसाद

देश व प्रदेश बचाना है तो सरकार बदलनी होगी : माता प्रसाद

आज लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में प्रबुद्ध वर्ग की जिम्मेदारी है कि वह आगे आकर इस खतरे से लोगों को आगाह करे। देश व प्रदेश को बचाना है तो...

देश व प्रदेश बचाना है तो सरकार बदलनी होगी : माता प्रसाद
हिन्दुस्तान टीम,बलियाFri, 06 Aug 2021 03:31 AM
ऐप पर पढ़ें

बैरिया (बलिया)। हिन्दुस्तान संवाद

आज लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में प्रबुद्ध वर्ग की जिम्मेदारी है कि वह आगे आकर इस खतरे से लोगों को आगाह करे। देश व प्रदेश को बचाना है तो सरकार बदलनी होगी।

यह बातें विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और सपा नेता माता प्रसाद पांडेय ने बैरिया के शुभनथहीं में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में कहीं।

सपा की ओर से गुरुवार को छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की जयंती पर उनके पैतृक गांव बैरिया के शुभनथहीं में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि आज जिस तरह के कानून बन रहे हैं तथा जिस प्रकार लोगों का उत्पीड़न हो रहा है, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। समाज को दिशा देने वाले लोगों की आजादी पर भी हमला हो रहा है। सरकार के खिलाफ बोलने या लिखने वालों के घर पुलिस पहुंच जा रही है। ऐसे में समाज व देश को बचाने की चुनौती है। इस सत्ता को उखाड़ फेंकने के लिए प्रबुद्ध वर्ग आगे आएं। यदि अब भी चुप रहे तो हमारी संस्कृति खत्म हो जाएगी।

समाजवादी प्रबुद्ध वर्ग के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज पांडेय ने कहा कि 1857 में बलिया के मंगल पांडेय ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बिगुल फूंका था। एक बार फिर परिवर्तन के लड़ाई की अगुवाई बलिया को करनी है। उन्होंने कहा कि सपा ने हमेशा ब्राह्मणों का सम्मान किया है। सपा सरकार में 22 हजार से अधिक संस्कृत शिक्षकों की भर्ती की गई। भगवान परशुराम का पूरा जीवन ही समाजवाद था।

राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो. अभिषेक मिश्र ने कहा कि जिले में सत्ता पक्ष का विधायक व सांसद होने के बावजूद सड़कों की दुर्दशा विकास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भाजपा को काम नहीं, नाम बदलने आता है। कोरोना काल में सपा सरकार की सौगात एम्बुलेंस ने ही लोगों की जान बचाई। बलिया में सपा ने जनेश्वर मिश्र सेतु बनवाया लेकिन भाजपा उसका अप्रोच तक नहीं बनवा सकी।

पूर्व विधायक संतोष पांडेय ने भाजपा को ब्राह्मण विरोधी करार देते हुए कहा कि अपनी ही सरकार में मंत्री रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपित को पार्टी में शामिल कर भाजपा ने इसे साबित कर दिया है। परशुराम जयंती की छुट्टी खत्म कर दी गयी। हम भगवान परशुराम की सबसे ऊंची मूर्ति लखनऊ में बना रहे हैं। सपा की सरकार बनी तो फिर से परशुराम जयंती पर अवकाश घोषित होगा।

अखिलेश को देंगे छोटे लोहिया के आंगन की मिट्टी

समाजवादी विचारक जनेश्वर मिश्र के आंगन की मिट्टी पार्टी के नेता सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मांग पर लखनऊ ले गये। कार्यक्रम संयोजक सनातन पांडेय व सपा जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव ने आंगन की मिट्टी अतिथि नेताओं को सौंपी। अतिथियों ने कहा कि यहां की मिट्टी अखिलेश यादव ने मांगी है। छोटे लोहिया का यह घर हमारे लिये किसी तीर्थ से कम नहीं है। इस मिट्टी की सुगंध देश भर में समाजवाद की विचारधारा को पहुंचाने का कार्य करेगी। सभी अतिथियों को अंगवस्त्र, तलवार व मुकुट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम संयोजक सनातन पांडे ने स्वागत भाषण किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें