
भक्ति और उल्लास से निकाली महायज्ञ की कलश यात्रा
Balia News - लालगंज, हिन्दुस्तान संवाद। मुरलीछपरा ब्लॉक के शिवपुर कपूर दीयर सेमरिया (रामानुज आश्रम) में
लालगंज, हिन्दुस्तान संवाद। मुरलीछपरा ब्लॉक के शिवपुर कपूर दीयर सेमरिया (रामानुज आश्रम) में कमल नयन ब्रह्मचारी महाराज की 11वीं पुण्यतिथि आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सह लक्ष्मी नारायण महायज्ञ की ऐतिहासिक जलयात्रा रविवार को गाजे-बाजे हाथी-घोड़ा के साथ निकली। कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु महिला, पुरुष, युवक-युवतियों का उत्साह कड़ाके की ठंड पर भारी दिखा। भक्ति में मगन लोग डीजे में बज रहे भजनों पर थिरकते आश्रम की परिक्रमा करते ‘स्वामी कमल नारायण ब्रह्मचारी, स्वामी राधा कृष्णाचार्य, लक्ष्मी नारायण भगवान’ का जयघोष करते हुए शिवपुर गंगा घाट पहुंचे। यहां आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में गंगाजल भरा और विधिवत पूजन-अर्चन करने के बाद भक्त भजन गाते हुए वापस आश्रम पर पहुंचे।
जलयात्रा में सबसे आगे रथ पर सवार आयोजक जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी राधा कृष्णाचार्य महाराज का कारवां चल रहा था, उनके पीछे पीत वस्त्र धारण कर सैकड़ों श्रद्धालु हाथों में कलश लिए भजन-कीर्तन व जयकारे लगाते चल रहे थे। जयघोष से संपूर्ण इलाका भक्तिमय हो गया। यज्ञ स्थल पर पहुंचने पर आचार्य जोगिन्दर नाथ दूबे, क्षेमेन्द्र उपाध्याय, धीरज शास्त्री, अभिमन्यु शास्त्री, अजय शास्त्री ने वैदिक विधि से कलश स्थापित कराया। प्रमुख यजमानों में हरेराम सिंह एवं जयप्रकाश यादव थे। कलश यात्रा को सफल बनाने में मृत्युंजय उपाध्याय, भीम सिंह, अशोक यादव, पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव, सोमनाथ यादव, दिलीप सिंह, शैलेंद्र सिंह, सुमेश यादव का सराहनीय सहयोग था। इस आयोजन से पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण व्याप्त रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




