सड़क हादसे में एक साथ तीन मौत पर होगी स्पेशल जांच

May 06, 2026 10:42 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बलिया
share

Balia News - अधिकारियों के पर्यवेक्षण में घटना की होगी विवेचनासड़क हादसों में हो रही मौतों पर विराम लगाने, दुर्घटना की असली वजह जानकर कमियों को दूर करने या दोषियों

सड़क हादसे में एक साथ तीन मौत पर होगी स्पेशल जांच

बलिया, संवाददाता। सड़क हादसों में हो रही मौतों पर विराम लगाने, दुर्घटना की असली वजह जानकर कमियों को दूर करने या दोषियों पर कार्रवाई करने, पीड़ित परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में शासन ने बड़ी और नई पहल की है। अब यदि किसी सड़क हादसे में तीन या उससे अधिक मौत होती है तो उसकी स्पेशल जांच की जाएगी। अधिकारियों की निगरानी में घटना की पूरी विवेचना कर रिपोर्ट तैयार होगी। इसमें दुर्घटना के सही कारणों की तलाश करते हुए उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। दरअसल सड़कों का कायाकल्प, चौड़ीकरण आदि होने के बाद वाहनों की रफ्तार बढ़ी है। हादसों में भी इजाफा हुआ है। पिछले कुछ दिनों में जिले के अलावा प्रदेश और देश के अलग-अलग हिस्सों में सड़क दुर्घटनाओं में एक साथ आधा दर्जन या उससे अधिक लोगों की जान भी गई है। एक-दो मौतें तो करीब-करीब हर रोज होती हैं। सड़क हादसों में लगातार हो रही मौतों को लेकर शासन भी गंभीर है। मार्ग दुर्घटनाओं की संख्या न्यूनतम करने, दुर्घटनाओं में होने वाली असमय मौतों के मामलों को रोकने तथा यातायात व्यवस्था को सुगम और सुचारु बनाने के लिए शासन स्तर से लगातार पहल की जा रही है।

दर्ज होगी ‘स्पेशल केस रिपोर्ट’

सड़क हादसों को कम करने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए शासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि मार्ग दुर्घटनाओं में तीन या इससे अधिक मौतें होती हैं तो उसे ‘स्पेशल रिपोर्ट केस’ के रूप में दर्ज किया जाएगा। उसकी विवेचना पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में किया जायेगा। इसके लिए एसआर (स्पेशल रिपोर्ट) केस फाइल खोली जाएगी। ऐसा माना जाता है कि सड़क दुर्घटनाओं के मामलों की विवेचना में विवेचकों द्वारा अपेक्षित महत्व नहीं दिया जाता है। ऐसे में विवेचना में कमी के कारण इंश्योरेंस क्लेम के निस्तारण में पीड़ित परिवारों को असुविधा होती है। इसलिए जरूरी है कि अधिकारी ऐसे मामलों को गंभीरता से लेकर जांच कराएं।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App

दुर्घटना के मूल वजह की होगी तहकीकात

सड़क दुर्घटना में तीन अथवा इससे अधिक मौत होने पर स्पेशल रिपोर्ट केस में हादसे के असली कारण की तलाश की जायेगी। इस बात का पता लगाया जाएगा कि चालक ने सीट बेल्ट, हेलमेट आदि जरुरी सुरक्षा उपकरण लगाए थे, अथवा नहीं। घटना का कारण रांग साइड ड्राइविंग, ओवरस्पीड, नशा, झपकी आना आदि क्या है, इसका उल्लेख किया जायेगा। साथ ही दुर्घटना की अन्य वजह जैसे-अंधा मोड़, क्षतिग्रस्त रोड, अवैध कट, चालक का शराब पीना तो नहीं है, इसका भी जिक्र होगा। यह भी देखा जाएगा कि दुर्घटना के समय वाहन ओवरलोड या वाहन चालक अवयस्क तो नहीं था।

केस डायरी में दर्ज होगा चालक-मालिक का नाम

निर्देश के मुताबिक स्पेशल रिपोर्ट केस में विवेचना के दौरान वाहन चालक और स्वामी का नाम तथा पता केस डायरी में दर्ज किया जाएगा। यह भी देखना होगा कि वाहन का नियम विरुद्ध मॉडीफिकेशन तो नहीं किया गया है। वाहन के इंश्योरेंस, फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण पत्र या आरसी के नवीनीकरण आदि बिंदुओं को भी दर्ज किया जाएगा।

कोट:

सड़क दुर्घटनाओं में तीन अथवा इससे अधिक मौतों होने पर उसकी स्पेशल जांच की जायेगी। इसमें शासन की ओर से तय बिंदुओं की तहकीकात कर रिपोर्ट तैयार होगी। इसके आधार पर विवेचना और कार्रवाई की जायेगी।

ओमवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

सड़क हादसों की स्पेशल जांच कब की जाएगी?
यदि किसी सड़क हादसे में तीन या उससे अधिक मौत होती है तो उसकी स्पेशल जांच की जाएगी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।