श्रम विभाग गांव के कामगारों को करेगा जागरूक
Balia News - बलिया, संवाददाता। श्रम विभाग असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले कामगारों को बुढ़ापे

बलिया, संवाददाता। श्रम विभाग असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले कामगारों को बुढ़ापे में सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना का गांवों में 15 फरवरी से 15 मार्च तक व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलायेगा। साथ ही ग्रामीण श्रमिकों को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में नामांकन के लिए जागरूक किया जायेगा। अभियान के प्रथम चरण में नगरीय इलाकों में श्रम विभाग जागरूकताअभियान चला रहा है, जो 15 फरवरी तक चलेगा। श्रम योगी मानधन योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी सामाजिक सुरक्षा योजना है। इसमें 18 से 40 वर्ष आयु के असंगठित श्रमिक नामांकन करा सकते हैं।
उनका 60 वर्ष उम्र होने के बाद न्यूनतम 3000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जायेगी। इस योजना में रिक्शा चालक, ठेला व फेरी लगाने वाले, मोची, नाई, धोबी, माली, दर्जी, कूड़ा बिनने वाले, घरेलू कामगार, निर्माण श्रमिक, मजदूर, दूध दुहने वाले, पशुपालक, ईंट-भट्ठा मजदूर, दुकानों में कार्य करने वाले, होटल-ढाबा कर्मी सहित असंगठित क्षेत्र के वह सभी श्रमिक पात्र हैं, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये से कम है तथा आयकरदाता नहीं है। ऐसे श्रमिक योजना में आवेदन कर सकते हैं। श्रम विभाग के आंकड़ों में जिले में अब तक 17 हजार 259 असंगठित श्रमिकों का पंजीकरण हो चुका है, जबकि शेष पात्र श्रमिकों को योजना से जोड़ने के लिए विभागीय कवायद जारी है। योजना में पंजीकरण कराने के इच्छुक श्रमिक ई-श्रम कार्ड, बैंक पासबुक व मोबाइल नंबर के साथ नजदीकी जनसेवा केंद्र से आवेदन करा सकते हैं, या फिर स्वयं के मोबाइल से विभागीय वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




