कपूरी के ग्राम प्रधान पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
Balia News - फेफना, हिन्दुस्तान संवाद। इलाके के कपूरी नारायनपुर के ग्राम प्रधान अभय वर्मा के

फेफना, हिन्दुस्तान संवाद। इलाके के कपूरी नारायनपुर के ग्राम प्रधान अभय वर्मा के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई उसी गांव के सूर्यप्रकाश वर्मा की शिकायत और सीओ सदर की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गयी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।हनुमानगंज ब्लॉक के कपूरी नारायनपुर निवासी सूर्यप्रकाश वर्मा ने 28 अगस्त 2025 को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया। उन्होंने एसपी को बताया कि अभय वर्मा पुत्र शिवजन्म वर्मा गांव का प्रधान है। उसने हाईस्कूल की परीक्षा वर्ष 1995 में चैनराम इंटर कालेज सहतवार से रामाश्रय वर्मा पुत्र शिवजन्म वर्मा के रुप में पास की।
इसमें जन्मतिथि पांच जुलाई 1971 अंकित है। जबकि श्री मुरली मनोहर टाउन इंका के छात्र पत्रावली और स्थानान्तरण प्रमाण पत्र के अनुसार उसकी जन्मतिथि पांच जुलाई 1976 अंकित है। इसके बाद उसने जन्मतिथि बदलकर वर्ष 2004 में हाईस्कूल की परीक्षा रामधनी कुंवर इंका गोपालपुर से अभय कुमार पुत्र शिवजन्म वर्मा के रूप में पास की। इसमें उसकी जन्मतिथि एक जुलाई 1987 है। जांच में पता चला कि तीनों एक ही व्यक्ति अभय वर्मा पुत्र शिवजन्म वर्मा है, जो अलग-अलग समय पर अपना नाम साजिश और कूटरचित तरीके से जाल फरेब कर नाम बदलकर प्रधान के पद पर आसीन हो गया है।पुलिस अधीक्षक ने इस मामले की जांच सीओ सदर को सौंपी थी। क्षेत्राधिकारी सदर की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने इस मामले में प्रधान अभय के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत किया है। इस सम्बंध में एसओ विश्वदीप सिंह का कहना है कि नाम और जन्मतिथि में हेरफेर के मामले में सीओ सदर की जांच रिपोर्ट के आधार पर कपूरी के प्रधान अभय वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


