ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बलियाहर्ष फायरिंग में दो घायल, अज्ञात पर मुकदमा

हर्ष फायरिंग में दो घायल, अज्ञात पर मुकदमा

सख्त हिदायत के बावजूद हर्ष फायरिंग पर रोक नहीं लग पा रहा है। शुक्रवार की रात क्षेत्र के तिवारी बरहटा गांव में विवाह के दौरान चली गोली में दो लोगों घायल हो गये। घटना से खुशी का माहौल गमगीन हो गया।...

हर्ष फायरिंग में दो घायल, अज्ञात पर मुकदमा
बांसडीहरोड लालगंज। हिन्दुस्तान संवादSat, 28 Apr 2018 08:12 PM
ऐप पर पढ़ें

सख्त हिदायत के बावजूद हर्ष फायरिंग पर रोक नहीं लग पा रहा है। शुक्रवार की रात क्षेत्र के तिवारी बरहटा गांव में विवाह के दौरान चली गोली में दो लोगों घायल हो गये। घटना से खुशी का माहौल गमगीन हो गया। बाराती पक्ष के लोग जनवासा से चले गये। रात में किसी तरह शादी की रस्में पूरी हुई और भोर में ही दुल्हन की विदाई हो गई। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में चौकीदार की सूचना पर पुलिस ने एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ (बांसडीह रोड) सत्येंद्र राय ने मौका मुआयना किया।

तिवारी के बरहटा गांव के सुरेश यादव की पुत्री की शादी के लिए दोकटी थाना क्षेत्र के लच्छूटोला निवासी राजेश्वर यादव के पुत्र कृष्णमुरारी यादव बारात लेकर आये थे। सबकुछ हंसी-खुशी के बीच चल रहा था। जनवासे से गाजे-बाजे के साथ चलकर बारात दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची। वहां पहले द्वारपूजा हुई। इसके बाद जयमाल के लिए कुछ लोग स्टेज के सामने लगी कुर्सियों पर बैठे गये और जगह के अभाव में कुछ लोग खड़े होकर दुल्हन के आने का इंतजार करने लगे। 

इसी बीच, अचानक गोली चलने की आवाज आयी और बाराती  पक्ष के राजा गांव खरौनी निवासी 35 वर्षीय मुन्ना यादव व लच्छुटोला निवासी 70 वर्षीय बरमेश्वर यादव घायल होकर गिर पड़े। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। देखते ही देखते खुशी का माहौल गमगीन हो गया। दोनों पक्षों कुछ खास लोगों को छोड़कर शेष लोग तत्काल मौके से फरार हो गये। कुछ पहले तक बारातियों से भरा जनवासा खाली हो गया। 

बताया जा रहा है कि जयमाल के पहले खुशी में एक युवक कट्टे से फायर कर रहा था। इसी दौरान एक गोली मिस कर गयी। वह गोली निकाल रहा था तभी बैंक फायर हो गया। घटना की सूचना मिलने पर शनिवार की सुबह एसओ ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों व दुल्हन पक्ष के लोगों से पूछताछ की। 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें