ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बलियाकोरोना ने रोकी रेल परियोजनाओं की रफ्तार

कोरोना ने रोकी रेल परियोजनाओं की रफ्तार

वैश्विक महामारी कोरोना ने तमाम विकास परियोजनाओं पर ग्रहण लगा दिया है। सरकारी तंत्र इस समय महामारी से निपटने में लगा तो लॉकडाउन के चलते हर तरह के कार्य ठप पड़ गए...

कोरोना ने रोकी रेल परियोजनाओं की रफ्तार
हिन्दुस्तान टीम,बलियाSun, 02 Aug 2020 11:34 PM
ऐप पर पढ़ें

वैश्विक महामारी कोरोना ने तमाम विकास परियोजनाओं पर ग्रहण लगा दिया है। सरकारी तंत्र इस समय महामारी से निपटने में लगा तो लॉकडाउन के चलते हर तरह के कार्य ठप पड़ गए हैं। हालांकि अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद कुछ जगह कार्य शुरू हुए भी हैं लेकिन वह गति नहीं पकड़ पा रहे हैं। चूंकि परियोजनाओं में लगे ठेकेदार व मजदूर अपने-अपने गांव चले गए हैं, लिहाजा कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ गयी है। जिले में कई रेल परियोजनाओं पर भी एक साथ काम चल रहा है लेकिन कोरोना ने इन सबकी चाल पर ब्रेक लगा दिया है।

रेलवे स्टेशन व अमृतपाली रेलवे क्रासिंग के बीच में काजीपुरा के सामने वाशिंगपिट का निर्माण हो रहा है। कोरोना के चलते देश भर में लॉकडाउन के बाद यह काम ठप पड़ गया। यहां लगे मजदूर, जिनमें अधिसंख्य बिहार के थे, वापस अपने घर चले गए। ठेकेदार ने भी अपना सामान समेट लिया। अब अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद कुछ मजदूर आए तो हैं, काम भी शुरू हुआ है लेकिन इसकी रफ्तार बेहद धीमी है। स्टेशन अधीक्षक संजय सिंह के अनुसार अक्तूबर 2020 तक इसका कार्य पूरा हो जाना था लेकिन अब ऐसा होता संभव नहीं दिख रहा है।

इसी प्रकार प्लेटफार्म पर दूसरे फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी अधर में लटक गया है। कोरोना से पहले यहां काफी तेज गति से काम चल रहा था लेकिन अचानक ही इसपर ब्रेक लग गया है।

प्लेटफार्म पर लिफ्ट व एस्केलरेटर भी लगाया जाना था। इसके लिए टेंडर हो चुका था लेकिन कोरोना संकट में इस कार्य पर ग्रहण लग गया है। सूत्रों की मानें तो वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ने बकायदा पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि जबतक मंडल कार्यालय से उक्त कार्य के लिए कोई आदेश नहीं आता है, इसे प्रारम्भ न किया जाय। बलिया के अलावा आजमगढ़ व बिल्थरारोड में भी लिफ्ट लगना था। नए आदेश के बाद इस पर ग्रहण लग गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें