Balia News: कोचिंग से लौट रही छात्रा से छेड़खानी में सिपाही पर केस, सस्पेंड
Balia News: लालगंज, हिन्दुस्तान संवाद। दोकटी थाना क्षेत्र के लालगंज बाजार से ट्यूशन पढ़कर घर

Balia News: लालगंज, हिन्दुस्तान संवाद। दोकटी थाना क्षेत्र के लालगंज बाजार से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही कक्षा नौ की छात्रा से छेड़खानी के आरोप में लालगंज पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया गया।
घटना का विवरण
पीड़िता के पिता के अनुसार, आरोपी सिपाही पंकज गुप्त तीन दिन से बेटी का पीछा कर रहा था और उसका मोबाइल नंबर मांग रहा था। पहले दिन वह किसी तरह जान बचाकर भाग गई। लोक-लाज से उसने किसी को यह बात नहीं बताई। दूसरे दिन गुरुवार को भी सिपाही ने वही हरकत की। तब छात्रा ने घर जाकर अपनी मां से आपबीती बताई। तीसरे दिन शुक्रवार को उसके पिता व परिवार के अन्य लोगों ने योजना के तहत बेटी से कोचिंग जाने को कहा और खुद रास्ते में निगरानी करने लगे।
सिपाही की गिरफ्तारी
इसी बीच, शाम को करीब चार बजे कोचिंग से वापस लौटते समय सिपाही छात्रा के पास से गुजरते समय उसका शरीर छूने का प्रयास करने लगा। छात्रा के शोर मचाने पर पहले से ही आसपास मौजूद पिता और अन्य लोग पहुंच गए। सभी ने सिपाही को दौड़ाकर पकड़ना चाहा लेकिन वह बिना नम्बर की बाइक को छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी होने के बाद आक्रोशित लोगों की भीड़ चौकी पर जमा हो गई और वे हंगामा करने लगे। पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह भी सैकड़ों लोगों के साथ पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ आलोक कुमार एवं दोकटी थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह तत्काल हरकत में आए। आरोपी सिपाही पर मुकदमा दर्ज करने के साथ ही उसे निलम्बित कर दिया गया। इस सम्बंध में सीओ आलोक कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आरोपी सिपाही को निलम्बित कर दिया गया है। आरोपी सिपाही गोरखपुर का निवासी बताया जा रहा है। वह वर्ष 2025 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ है。


