जननायक चंद्रशेखर विवि में राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय और अध्ययन केन्द्र

जननायक चंद्रशेखर विवि में राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय और अध्ययन केन्द्र

संक्षेप:

Balia News - बलिया, वरिष्ठ संवाददाता l जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू, बलिया) और राजर्षि टंडन मुक्त

Dec 10, 2025 10:28 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बलिया
share

बलिया, वरिष्ठ संवाददाता l जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू, बलिया) और राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (प्रयागराज) के बीच बुधवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञाप (एमओयू) हुआ। इसके तहत जेएनसीयू परिसर में राजर्षि टंडन मुक्त विवि के क्षेत्रीय केंद्र और अध्ययन केंद्र इसी सत्र से स्थापित किए जाने पर सहमति बनी। इस क्षेत्रीय केंद्र से बलिया के अलावा मऊ और आज़मगढ़ के भी अध्ययन केंद्र जुड़े रहेंगे। इस केंद्र का लाभ निकटवर्ती बिहार के विद्यार्थियों को भी मिलेगा। एमओयू के माध्यम से दोनों विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, शोधार्थी और प्राध्यापक शिक्षा, शोध और नवाचार की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए एक-दूसरे के शैक्षणिक संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

समझौते के तहत दोनों विश्वविद्यालय क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप अंतर-अनुशासनात्मक शोध परियोजनाओं पर संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। शोध और अध्यापन के उद्देश्य से प्राध्यापक लघु एवं दीर्घ अवधि के लिए परस्पर एक-दूसरे के विश्वविद्यालय में सेवाएं दे सकेंगे। इससे विषय-विशेषज्ञता का लाभ दोनों संस्थानों की अकादमिक प्रगति में संभव होगा। दोनों विश्वविद्यालय सांस्कृतिक गतिविधियों के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देंगे। विवि परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जेएनसीयू के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्त और राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यकाम ने विद्यार्थियों से संवाद किया। प्रो. सत्यकाम ने कहा कि दूरस्थ शिक्षा पद्धति परम्परागत शिक्षा पद्धति की प्रतिस्पर्धी नहीं बल्कि परिपूरक है। इससे विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों का विकल्प मिलेगा। वे अपनी अधूरी शिक्षा इस माध्यम से पूरी कर सकेंगे। एनइपी के नये नियमों के अनुसार विद्यार्थी एक साथ एक डिग्री नियमित और एक दूरस्थ शिक्षा से ले सकते हैं। प्रो. संजीत गुप्ता ने विश्वास जताया कि यह सहयोग न केवल दोनों विश्वविद्यालयों, बल्कि उनके संपूर्ण क्षेत्रीय विकास के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। कार्यक्रम में डॉ. अजय चौबे, डॉ. प्रमोद शंकर पाण्डेय, प्रो. देवेश रंजन त्रिपाठी के अलावा राजर्षि टंडन विवि के कुलसचिव कर्नल विनय कुमार, डॉ. प्रेम प्रकाश कुशवाहा, डॉ. पुष्पा मिश्रा, डॉ. नीरज सिंह, डॉ. संजीव कुमार, प्रो. अशोक सिंह आदि थे।