पारदर्शी, सशक्त व सक्षम नेतृत्व को भाजपा जरूरी
सिकन्दरपुर। हिन्दुस्तान संवाद स्थानीय कस्बा स्थित जूनियर हाईस्कूल के परिसर में गुरुवार को...
सिकन्दरपुर। हिन्दुस्तान संवाद
स्थानीय कस्बा स्थित जूनियर हाईस्कूल के परिसर में गुरुवार को भाजपा का प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि प्रदेश के श्रम और सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि पारदर्शी, सशक्त व सक्षम नेतृत्व भाजपा सरकार ही दे सकती है। जाति-बिरादरी की राजनीति करने वालों से विकास व सामाजिक सद्भाव की अपेक्षा नहीं की जा सकती है।
मंत्री ने कहा कि भाजपा का प्रबुद्ध सम्मेलन अन्य दलों की तरह जातिगत सम्मेलन नहीं है। देश का प्रबुद्ध समाज सदैव से भारतीय राजनीति की दिशा व दशा तय करने का काम किया है। एक बार फिर यह वर्ग सूबे की जाति व सम्प्रदाय आधारित राजनीति को आइना दिखाने का काम करेगा। कहा कि कोरोना संकट के दौरान केन्द्र व प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली को देश-विदेश में सराहा जा रहा है। देश के करोड़ों लोगों को आवास व खाद्यान्न के साथ-साथ आर्थिक सहयोग देने का काम भाजपा सरकार ने किया है।
इससे पहले मंत्री ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीन दयाल उपाध्याय व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के तैल चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। क्षेत्रीय विधायक संजय यादव ने मंत्री समेत सांसद रविन्दर कुशवाहा व जिलाध्यक्ष जय प्रकाश साहू को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को सांसद रविन्दर कुशवाहा, विधायक संजय यादव, विस प्रभारी योगेंद्र नाथ राय, पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, पूर्व विधायक भगवान पाठक, अरविंद राय, भोला सिंह, रवि राय, प्रयाग चौहान, दीपक सिंह, शिवानन्द तिवारी आदि ने सम्बोधित किया। अध्यक्षता जयप्रकाश साहू व संचालन डॉ मोहन कांत राय ने किया।
इनसेट
कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से आहत दिखे पूर्व मंत्री
सिकन्दरपुर। जूनियर हाईस्कूल परिसर में भाजपा प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के दौरान पूर्व मंत्री राजधारी सिंह ने अपने भाषण के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं की हो रही उपेक्षा को बेबाकी से रखा। कहा कि पार्टी नेताओं में आपसी सामंजस्य का घोर अभाव देखने को मिल रहा है। पार्टी के अंदर गोलबंदी कर एक दूसरे का विरोध किया जा रहा है। यदि समय रहते इस पर लगाम नहीं लगाया गया तो पार्टी को नुकसान हो सकता है। कहा कि हैरत की बात है कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करने वाले असली हीरो आज हाशिये पर हैं। इस दौरान पूर्व मंत्री ने इशारों-इशारों में जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधा।
