ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बलियाबलियाः तहसील बार के पूर्व अध्यक्ष को मारी गोली, वाराणसी रेफर

बलियाः तहसील बार के पूर्व अध्यक्ष को मारी गोली, वाराणसी रेफर

बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ सिंह को गोली मार दी। आसपास के लोगों ने घायल अधिवक्ता को स्थानीय सीएचसी पर पहुंचाया, जहां के...

बलियाः तहसील बार के पूर्व अध्यक्ष को मारी गोली, वाराणसी रेफर
रसड़ा (बलिया), हिन्दुस्तान संवादMon, 16 Mar 2020 06:47 PM
ऐप पर पढ़ें

बाइक सवार बदमाशों ने सोमवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे तहसील बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ सिंह को गोली मार दी। आसपास के लोगों ने घायल अधिवक्ता को स्थानीय सीएचसी पर पहुंचाया, जहां के डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बांह के अंदर छर्रा फंसे होने के चलते वाराणसी भेज दिया। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी हुई है। त्रिलोकी नाथ भाजपा नेता और पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह के रिश्ते में भतीजे लगते हैं।

रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के मुड़ेरा गांव निवासी अधिवक्ता 50 वर्षीय त्रिलोकी नाथ सिंह सोमवार को तहसील आ रहे थे। रसड़ा-कासिमाबाद मार्ग पर कस्बा से करीब दो किमी पहले कटहुरा मोड़ के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने घेर लिया और पिस्टल से त्रिलोकी के ऊपर फायर कर दिया। पहला फायर मिस कर गया, जबकि दूसरी बार चलायी गयी गोली उनके दाहिने बांह में कंधे के पास लगी। बदमाशों ने एक फायर और करने का प्रयास किया लेकिन वह मिस हो गया। तब तक लोगों को आता देश बदमाश भाग निकले। लोगों ने अधिवक्ता को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर पहुंचाया। 

जानकारी होते ही पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह समेत दर्जनों लोग सीएचसी पहुंच गये। सीएचसी के चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद घायल अधिवक्ता को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने के बाद पहुंचे एसपी देवेन्द्र नाथ ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। पुलिस को मौके पर पड़ी पिस्टल तथा एक जिंदा कारतूस व एक खोखा मिला है। कोतवाल सौरभ कुमार राय का कहना है कि अधिवक्ता की ओर से छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी गयी है। इसमें तीन नामजद व तीन अज्ञात आरोपित शामिल है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल संग तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी के अनुसार घटना के पीछे जमीन को लेकर रंजिश की बात आ रही है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें