ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बलियाबलिया : ईओ के सील चेम्बर को खोलकर खंगाली फाइल

बलिया : ईओ के सील चेम्बर को खोलकर खंगाली फाइल

नपं की ईओ मणिमंजरी राय आत्महत्या कांड की जांच तेज हो गयी है। गुरुवार को तीन सदस्यीय टीम ने नपं कार्यालय पहुंचकर फाइलों को खंगाला तथा सुराग लगाने का प्रयास किया। ईओ के सील चेम्बर को खोलकर कागजातों की...

बलिया : ईओ के सील चेम्बर को खोलकर खंगाली फाइल
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,बलियाThu, 23 Jul 2020 11:52 PM
ऐप पर पढ़ें

नपं की ईओ मणिमंजरी राय आत्महत्या कांड की जांच तेज हो गयी है। गुरुवार को तीन सदस्यीय टीम ने नपं कार्यालय पहुंचकर फाइलों को खंगाला तथा सुराग लगाने का प्रयास किया। ईओ के सील चेम्बर को खोलकर कागजातों की जांच-पड़ताल की। कुछ कागजातों को जांच अधिकारी अपने साथ लेकर गये। हालांकि उनके हाथ अब तक क्या लगा है, इसकी जानकारी देने से इनकार कर दिया।

डीएम श्रीहरि प्रताप शाही ने ईओ प्रकरण की मजिस्ट्रेटियल जांच करने का निर्देश दिया है। इसके लिये पहले सीडीओ बद्रीनाथ सिंह को मजिस्ट्रेट नामित किया गया था। बाद में स्थानीय निकाय कार्यालय की ओर से जिलाधिकारी को बताया गया कि सीडीओ को मजिस्ट्रेटियल शक्ति हासिल नहीं है। इसके बाद डीएम ने बुधवार को अभिलेखों व पत्रावलियों की जांच के लिये एसडीएम बांसडीह दुष्यंत मौर्य, सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह तथा मामले के विवेचक व नगर कोतवाल विपिन सिंह की तीन सदस्यीय टीम का गठन किया।

गुरुवार को टीम दोपहर करीब एक बजे नपं कार्यालय पहुंची। ईओ के सील कमरे को खोलकर अंदर दाखिल हुए अफसरों ने आलमारी आदि में मौजूद कागजातों का अवलोकन किया। उन्होंने टेंडर व भुगतान से हुए कागजातों की बारीकी से जांच की। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो जांच करने पहुंची टीम ने ईओ के कमरे में मौजूद व गायब फाईलों की अलग-अलग सूची बनायी। करीब छह घंटे तक चली इस कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करायी गयी। छानबीन करने के बाद पुलिस व प्रशासनिक अफसर कुछ फाइलों को साथ लेकर शाम के लगभग छह बजे बाहर निकले। उन्होंने ईओ के चेम्बर को दोबारा सील कर दिया। इस दौरान अधिकारियों ने नपं कार्यालय में मौजूद कुछ कर्मचारियों से पूछताछ भी किया।

ईओ मामले की जांच करने के लिये सील कमरे को खोलकर कागजातों की जांच की गयी है। आधे से अधिक फाइलों की छानबीन पहले दिन हो चुकी है। पूरी रिपोर्ट से अधिकारियों को अवगत कराया जायेगा।

दुष्यंत मौर्य, एसडीएम बांसडीह

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें