स्थापना दिवस पर ‘बलिया महोत्सव’ का आगाज एक को
संक्षेप: Balia News - बलिया, वरिष्ठ संवाददाता। बलिया जनपद की स्थापना दिवस (एक नवम्बर) के उपलक्ष्य में
बलिया, वरिष्ठ संवाददाता। बलिया जनपद की स्थापना दिवस (एक नवम्बर) के उपलक्ष्य में ‘बलिया महोत्सव’ का आयोजन इस बार शहर के रामलीला मैदान में होगा। इसका आगाज एक नवम्बर को होगा। पहले दिन भोजपुरी गायक, अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी की प्रस्तुति होगी। तीन दिनों तक होने वाले इस आयोजन की तैयारी तेज हो गई है। गुरुवार को मैदान में जर्मन हैंगर पंडाल लगाने का काम शुरू हो गया। जिले की स्थापना पर इस प्रकार के भव्य आयोजन की परम्परा नगर विधायक और परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुरू की है। बीते दो वर्षों में इसका आयोजन पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में होता था।

इस बार पहली बार रामलीला मैदान में इसे आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव की तैयारी के सम्बंध में गुरुवार को सीडीओ ओजस्वी राज ने विकास भवन सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। सम्बंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि महोत्सव के दौरान स्थल पर जर्मन हैंगर टेंट, सांस्कृतिक मंच, साफ-सफाई, प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था समेत अन्य सभी सुविधाओं की अग्रिम तैयारी सुनिश्चित कर लें। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए और सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों को समयबद्ध पूरा करें। बताया कि ‘बलिया महोत्सव’ तीन दिनों तक चलेगा। इसमें प्रतिदिन शाम सात बजे से रात 11 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। हर दिन अलग-अलग कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। सीडीओ ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करें, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में एएसपी (दक्षिणी) कृपाशंकर, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम शर्मा, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दूबे आदि थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




