हमारी धरोहर है ददरी मेला, भव्यता से होगा आयोजन
संक्षेप: Balia News - 0 कार्तिक पूर्णिमा स्नान के पहले सभी तैयारी सुनिश्चित करें ऐतिहासिक ददरी मेला तथा बलिया महोत्सव-2025 की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार

बलिया, वरिष्ठ संवाददाता। ऐतिहासिक ददरी मेला तथा बलिया महोत्सव-2025 की तैयारियों को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें मेला की रूपरेखा कार्यक्रमों के साथ ही अन्य तैयारियों पर चर्चा हुई। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह की मौजूदगी में बलिया महोत्सव और ददरी मेला पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई। मंत्री ने मेला क्षेत्र के बुक का भी अवलोकन भी किया। परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्तिक पूर्णिमा से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी कर ली जाएं। कहा कि ददरी मेला बलिया की सांस्कृतिक पहचान है। इसकी भव्यता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बलिया महोत्सव और ददरी मेला को सकुशल संपन्न कराने के लिए अपने-अपने कार्य दायित्व का निर्वहन करें। भूमि अधिग्रहण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तिथियों का निर्धारण, स्पेशल दुकानों की नीलामी, भारतेंदु मंच को मीना बाजार की ओर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया, होर्डिंग्स और मुख्य द्वारों पर विज्ञापन के लिए नीलामी, इंड प्रोडक्ट्स के लिए लॉन्चिंग स्पेस का चिह्नांकन, नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए बीड अपलोड करने आदि की तैयारी समय रहते करने का निर्देश दिया। परिवहन मंत्री ने कहा कि जिले की इस सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास होना चाहिए। बैठक में डीएम मंगला प्रसाद सिंह, एसपी ओमवीर सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार के अलावा नपा चेयरमैन संत कुमार गुप्त मिठाईलाल आदि थे। मीडिया के लिए कन्वेंशन सेंटर का हुआ शिलान्यास बलिया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बुधवार को मॉडल तहसील परिसर में मीडिया के लिए बनने वाले ‘कन्वेंशन सेंटर का भूमिपूजन विधि-विधान से किया। मंत्री ने पूजा-पाठ के बाद नारियल फोड़ कर कार्य का शुभारंभ किया। दयाशंकर सिंह ने कहा तहसील परिसर में 16 लाख 85 हजार की लागत से मीडियाकर्मियों के लिए कन्वेंशन सेंटर का निर्माण होगा। इसकी मांग लम्बे समय से मीडियाकर्मी कर रहे थे। कार्य को तय समय में पूरा किया जाएगा। कहा कि ऐसी कोई जगह नहीं थी जहां मीडियाकर्मी एक साथ बैठ सकें। इससे उन्हें परेशानी होती थी। इसके बन जाने से उनके लिए काफी सहुलियत होगी। कार्यक्रम में नपा चेयरमैन संत कुमार गुप्त मिठाई लाल, मंडल अध्यक्ष रिंकू दुबे, दीनबंधु मौर्या, हर्ष सिंह, शिवजी सिंह चंदेल, अमरीश पांडेय, आशीष सिंह आदि थे। दिव्यांगों को मंत्री ने बांटी ट्राईसाइकिल बलिया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कलक्ट्रेट परिसर में दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग की ओर से आयोजित कृत्रिम सहायक उपकरण शिविर में 64 ट्राईसाईकिल और 120 दिव्यांगों को एनसरिंग मशीन आदि का वितरण किया। उपकरण पाकर दिव्यांगों के चेहरे खिल उठे। मंत्री ने कहा कि आज के विज्ञानी युग में दिव्यांगता अब अभिशाप नहीं रह है। केंद्र और राज्य सरकारों की ओर से दिव्यांगों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसका लाभ उनको सीधे मिल रहा है। इस दौरान डीएम मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, नपा चेयरमैन संत कुमार गुप्त मिठाई लाल आदि थे। जिला दिव्यांग जन कल्याण अधिकारी राजन कुमार ने आभार जताया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




