ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बलियाबलिया : बहन से राखी बंधवाकर लौट रहे युवक को बोलेरो ने रौंदा

बलिया : बहन से राखी बंधवाकर लौट रहे युवक को बोलेरो ने रौंदा

बहन के घर से राखी बंधवाने के बाद वापस अपने घर गोन्हियाछपरा लौट रहे युवक को सोमवार की दोपहर बैरिया-रेवती मार्ग पर मुनछपरा गांव के सामने तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी...

बलिया : बहन से राखी बंधवाकर लौट रहे युवक को बोलेरो ने रौंदा
हिन्दुस्तान टीम,बलियाMon, 03 Aug 2020 10:23 PM
ऐप पर पढ़ें

बहन के घर से राखी बंधवाने के बाद वापस अपने घर गोन्हियाछपरा लौट रहे युवक को सोमवार की दोपहर बैरिया-रेवती मार्ग पर मुनछपरा गांव के सामने तेज रफ्तार बोलेरो ने रौंद दिया। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बैरिया थाना क्षेत्र के गोन्हियाछपरा निवासी हीरा सिंह का पुत्र 26 वर्षीय दीपक बाइक से सहतवार स्थित अपनी बहन की ससुराल में राखी बंधवाने गया था। उसके साथ इब्राहिमाबाद गांव का उसका मित्र भी था। राखी बंधवाकर वापस लौटते समय रेवती-बैरिया मार्ग पर मुनछपरा गांव के पास दीपक का कोई परिचित दिख गया। दीपक सड़क किनारे ही बाइक खड़ी कर उससे मिलने जाने लगा। सड़क पार करते समय ही रेवती से बैरिया की ओर आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने दीपक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दीपक काफी दूरी तक बोलेरो के साथ ही घसीटता चला गया।

स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सीएचसी सोनबरसा पर गोन्हियाछपरा व आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग जमा हो गए।

बताया जाता है कि अभी तीन साल पहले ही दीपक की शादी हुई थी। पत्नी श्रुति का रोते-रोते बुरा हाल हैं। उनको एक दो वर्ष का पुत्र दिव्यांसु भी है। दीपक चार भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई दिलीप सिंह पुलिस में हैं। दूसरे भाई अरुण सिंह व्यवसाय करते हैं, जबकि तीसरा भाई राजन सेना में हैं। दीपक गांव पर ही रहकर फिलहाल खेती बारी करता था। राखी के दिन ही दीपक की मौत से गोन्हियाछपरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में सियापा पसरा है।

दो दिन पहले ही मनाया था बेटे का बर्थडे

बैरिया। थाना क्षेत्र के गोन्हियाछपरा निवासी 26 वर्षीय दीपक सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत से गांव के लोग मर्माहत हैं। अभी तीन साल पहले ही दीपक की शादी हुई थी। पत्नी श्रुति को जैसे ही पति के मौत की जानकारी मिली, बेसुध हो गयी। दो साल के मासूम बेटे प्रियांशु को देखकर हर किसी का कलेजा छलनी हो रहा था। अभी दो दिन पहले ही प्रियांशु का जन्मदिन था। परिवार के सदस्यों ने हंसी-खुशी के साथ उसका जन्मदिन मनाया था। किसे पता था कि दो दिन बाद ही मासूम के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें