Balia News: सहकारिता से किसानों को मिल रही आर्थिक ताकत : राठौर
Balia News: बलिया, वरिष्ठ संवाददाता। जिला सहकारी बैंक की 46वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक
Balia News: बलिया, वरिष्ठ संवाददाता। जिला सहकारी बैंक की 46वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक शुक्रवार को कुंवर उपवन में हुई। मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार सहकारिता आंदोलन को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सहकारी समितियों और जिला सहकारी बैंकों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, जिससे किसानों को समय पर ऋण, खाद-बीज तथा अन्य जरूरी सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
सहकारिता का महत्व
राठौर ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। सरकार पारदर्शी और जवाबदेह सहकारिता व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सहकारी संस्थाओं को तकनीकी रूप से सुदृढ़ कर उनकी कार्यक्षमता बढ़ाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके।
सरकार की पहल
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सहकारी संस्थाओं को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। उन्होंने सभी सदस्यों से सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैंक की प्रगति
जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन विनोद शंकर दूबे ने कहा कि बैंक ने वित्तीय अनुशासन और पारदर्शी कार्यप्रणाली के बल पर इस वित्तीय वर्ष में लगभग दो करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। आने वाले समय में सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा। जिला सहकारी बैंक के सचिव महेंद्र प्रताप सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे प्रतिनिधि सभा ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया। बैठक में बैंक की प्रगति, भविष्य की योजनाओं तथा अन्य प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक का संचालन
बैठक को एमएलसी रविशंकर सिंह 'पप्पू', विधायक केतकी सिंह, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी व आनंद स्वरूप शुक्ल, पूर्व सांसद रविन्द्र कुशवाहा, पूर्व विधायक संजय यादव व धनंजय कन्नौजिया आदि ने संबोधित किया। संचालन अरविंद शुक्ला ने किया। सहकारी बैंक के चेयरमैन विनोद शंकर दूबे ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न और गदा भेंट कर सम्मानित किया।


