बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दो सौ साल पुरानी मजार हथौड़े और ईंटों से तोड़ी, वीडियो वायरल होने पर एक्शन

Dec 24, 2025 01:24 pm ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में दो सौ साल पुरानी एक मजार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हथौड़े और ईंटों से वार कर पूरी तरह जमींदोज कर दिया है। घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस एक्शन में आई और बजरंग दल के एक नेता को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ और मामले की जांच की बात कही जा रही है।

बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दो सौ साल पुरानी मजार हथौड़े और ईंटों से तोड़ी, वीडियो वायरल होने पर एक्शन

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक बार फिर महौल बिगाड़ने की कोशिश हुई है। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मवई गांव में स्थित लगभग दो सौ साल पुरानी एक मजार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हथौड़े और ईंटों से वार कर पूरी तरह जमींदोज कर दिया। घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस एक्शन में आई और बजरंग दल के एक नेता को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ और मामले की जांच की बात कही जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मवई गांव में भलेवा रोड पर स्थित यह पुरानी मजार हिंदू बहुल आबादी के बीच स्थित थी। मंगलवार दोपहर बजरंग दल के स्थानीय पदाधिकारी नरेंद्र हिंदू के नेतृत्व में करीब दो दर्जन युवक लाठी-डंडे, फावड़े और हथौड़े लेकर मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवकों ने नारेबाजी करते हुए मजार के ढांचे पर प्रहार करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते सदियों पुरानी इस मजार को मिट्टी में मिला दिया गया।

हैरानी की बात यह है कि जब यह सब हो रहा था, तब वहां कई ग्रामीण मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटाई। घटना को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी नरेंद्र हिंदू ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मजार तोड़ने का वीडियो साझा किया।

"जब मुस्लिम नहीं तो मजार क्यों?" - वायरल वीडियो में तर्क

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मजार तोड़ रहे युवक यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि जब इस इलाके में मुस्लिम आबादी नहीं रहती है, तो यहां मजार का क्या काम? वीडियो वायरल होने के बाद जिले के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नरेंद्र हिंदू को हिरासत में ले लिया है।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह मजार लगभग 200 साल पुरानी थी और लोगों की आस्था का केंद्र थी। कुछ समय पूर्व सड़क चौड़ीकरण के दौरान मजार का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे स्थानीय लोगों ने चंदा इकट्ठा कर दुरुस्त कराया था। ग्रामीणों का कहना है कि दशकों से यह मजार यहां मौजूद थी। अचानक बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा इसे निशाना बनाया जाना समझ से परे है।

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था

थाना प्रभारी आलोक पांडेय ने बताया कि वीडियो के आधार पर मामले का संज्ञान लिया गया है। फिलहाल मुख्य आरोपी नरेंद्र हिंदू से थाने में पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से इस मामले में लिखित तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन कदम उठा रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के संकेत दिए गए हैं।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं। 

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |
;;
;