बहू की खौफनाक साजिश, पहले सास को जहरीली चाय दी, बची तो रोटी में डालकर खिलाया
लखनऊ से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बहू ने सास को दो हफ्ते पहले चाय में जहर देकर मारने की कोशिश की थी। ठंडी होने के कारण सास ने चाय नहीं पी तो उसने फिर रोटी में जहर देकर मारने की साजिश रची। उसकी यह साजिश सफल हो गई

UP News: यूपी के लखनऊ से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां काकोरी के इब्राहिमगंज में एक बहू ने सास को दो हफ्ते पहले चाय में जहर (कीटनाशक) देकर मारने की कोशिश की थी। ठंडी होने के कारण सास ने चाय नहीं पी तो उसने फिर रोटी में जहर देकर मारने की साजिश रची। उसकी यह साजिश सफल हो गई। यह सनसनीखेज खुलासा पुलिस की पूछताछ में हत्यारोपी शालिनी ने किया। उधर, कब्र खोदकर निकाले गए सास शांति देवी के शव को पोस्टमार्टम रविवार को किया गया।
पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण विसरा सुरक्षित रखा गया है। पुलिस अब विसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके साथ ही आरोपी शालिनी से अन्य बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। शालिनी से पूछताछ में मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस टीम उसके प्रेमी करन की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमलेश कुमार दीक्षित ने बताया कि पुलिस की चार टीमें करन की तलाश में हरदोई, उन्नाव में उसकी रिश्तेदारों के घर दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
इंस्पेक्टर काकोरी के मुताबिक शालिनी ने अपनी सास को मारने के लिए दो हफ्ते पहले चाय में कीटनाशक डालकर पीने के लिए दिया था। उसमें सफल नहीं हुई तो फिर पांच अप्रैल को रोटी में जहर मिलाकर खिला दिया। हालत बिगड़ने पर जब शांति की मौत हो गई तो उसने खेत में शव दफना दिया था। मामला तब खुला जब परिवार के ही एक नाबालिग सदस्य ने जहर देने की जानकारी दी। मामला पुलिस में पहुंचा तो शालिनी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में शालिनी ने घटना स्वीकार की। पुलिस ने मजिस्ट्रेट की अनुमति के बाद शनिवार को खेत में दफनाए गए शव को कब्र खोदकर निकलवाया। रविवार को डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी में शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर जांच के लिए विसरा रखा गया।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

