अरबपति ससुर की हत्या के लिए बहू ने बनाई थी तीन योजना, प्लान A और B फेल, तब C से मर्डर
कानपुर में अपने ही अरबपति ससुर की सुपारी देकर हत्या करने वाली बहू ने उन्हें मारने के लिए एक-दो नहीं तीन प्लान ए, बी और सी बनाया था। पांच महीने से इसकी तैयारी चल रही थी।

यूपी के कानपुर में अरबपति दवा कारोबारी की सुपारी लेने वाले हत्यारोपियों ने वारदात से जुड़े कई खुलासे किए हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी बहू ने ससुर को मारने के लिए ए, बी, सी, तीन प्लान बनाए थे। प्लान ए घर के बाहर का था। ऐसे में उस प्लान को अंजाम देने में सबसे ज्यादा खतरा सुपारी किलर को ही था। ऐसे में उसने उस प्लान पर काम करने से मना कर दिया। बी और सी प्लान घर के अंदर ही अंजाम देना था। कारोबारी के घर पहुंचने पर बहू के कमरे की लाइट जला देने से प्लान बी भी फेल हो गया। इसके बाद प्लान सी के तहत उनकी चाकू गोंदकर हत्या कर दी गई। पूरी साजिश पांच महीने से चल रही थी।
कल्याणपुर के रतन ऑर्बिट में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की शनिवार रात चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। सुबह करीब चार बजे उनके बेटे सुब्रत और बहू शालू घर पहुंचे तो वारदात की जानकारी हुई। पुलिस ने आठ घंटे में वारदात का खुलासा कर हत्यारोपियों को भी मुठभेड़ में दबोच लिया था। जांच में पता चला की हत्या की सुपारी दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की बहू शालू ने छह लाख रुपये में फेथफुलगंज के नुनिया मोहाल निवासी विशाल गौतम और राजकिशोर को दी थी। विशाल पहले इसी घर में नौकर था। पुलिस की जांच में सामने आया कि ससुर की टोकाटाकी और खर्च के लिए पैसे का हिसाब से तंग आकर बहू ने हत्या की साजिश रची थी।
क्या था प्लान ए
डीसीपी ने बताया कि पहले विनीत मिनोजा को सड़क पर टक्कर मारकर हत्या करने की प्लानिंग की गई। इस पर विशाल राजी नहीं हुआ। उसने कहा कि टक्कर मारने में उसकी जान भी जा सकती है। मौके पर पकड़ा गया तो लोग उसे पीट सकते हैं। इस योजना पर काम करने से विशाल ने मना कर दिया। इसके बाद प्लान बी के तहत घर में आकर तकिया से मुंह दबाकर हत्या करना था। कोरोबारी के मरने पर बहू हार्ट अटैक से मौत का मामला बताती और किसी को कुछ पता ही नहीं चलता।
क्यों फेल हो गया प्लान बी
सुपारी किलर विशाल ने बताया कि प्लान बी के फेल होने पर प्लान सी पर काम करना था।ऐसे में वह लोग चाकू लेकर गए थे। उसके मुताबिक 9:36 बजे शालू अपने पति सुब्रत और बेटे श्रीजय के साथ बाहर निकल गई थी। उसके आठ मिनट बाद 9:44 बजे दोनों सुपारी किलर फ्लैट में डुप्लीकेट चाबी से दरवाजा खोलकर दाखिल हुए। प्लान के तहत वह सीधे बहू शालू के कमरे में पहुंच गए और कारोबारी विनीत के आने का इंतजार करने लगे।
दोनों ने पुलिस को बताया कि इस दौरान वह हल्का सा दरवाजा खोलकर उसकी आड़ से बाहर पूरी नजर रखे थे और कमरे की लाइट बंद कर दी थी। हत्यारोपियों ने पुलिस को बताया कि दरवाजे का हैंडल इसलिए पकड़कर खड़े थे क्योंकि उन्हें डर था कहीं विनीत मिनोचा बाहर से दरवाजा बंद न कर दें। अन्यथा दोनों अंदर ही कैद हो जाते।
कारोबारी ने जला दी लाइट तो मारना पड़ा चाकू
करीब 74 मिनट बाद दवा कारोबारी विनीत फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुए। उन्होंने कपड़े बदले और खाना खाया। इसके बाद फ्रिज से मिठाई खायी और पानी पिया। चूंकि शालू के कमरे का दरवाजा हल्का सा खुला था इसलिए दवा कारोबारी को बिल्ली का अंदेशा हुआ। वह शालू के कमरे में पहुंचे और लाइट जला दी।
दोनों को देखकर विनीत ने पूछा..तुम यहां क्या कर रहे हो। तभी विशाल ने चाकू से विनीत पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। विनीत गिरे तो उनकी दिल की धड़कन चेक की। जिसके बाद दोनों बाहर निकले और विपरीत दिशा में अलग-अलग गए और पार्क के रास्ते दीवार फांदकर बाहर निकल गए।
पकड़े जाने का नहीं था डर
पुलिस ने जब दोनों से पूछा कि फ्लैट में घुसते ही वह कैमरों की नजर में आ जाएंगे तो फिर कैसे सोचा कि हत्या जैसी संगीन वारदात अंजाम देने के बाद बच जाएंगे। इस पर विशाल ने कहा, जो प्लान बनाया था उसमें पकड़े जाने की संभावना नहीं थी। उसने बताया कि विनीत के सोने तक उन्हें इंतजार करना था। इसके बाद तकिया से मुंह दबाकर हत्या करनी थी। बहू शालू इसे हार्ट अटैक बताती इसलिए कैमरे चेक करने जैसी बात ही नहीं उठती। उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि इस वारदात में पुलिस की भी इंट्री हो जाएगी।
बहू और सुपारी किलर के बीच 309 बार कॉल
पुलिस ने बहू और सुपारी किलर के बीच एक मई से घटना वाले दिन तक की सीडीआर निकाली तो पता चला कि 309 बार उनके बीच कॉल आयी और गईं। इसमें वाट्सएप कॉल भी शामिल हैं। इसके साथ ही दोनों के मोबाइल पर वाट्सएप चैट भी मिली है जो डिलीट है। पुलिस के मुताबिक 49 चैट्स डिलीट मिली हैं। डिलीट मैसेज के आधार पर पुलिस अनुमान लगा रही है कि हत्या का तानाबाना इन्हीं मैसेज से बुना गया। जबकि पुलिस को सामान्य मैसेज सही सलामत मिले हैं। पुलिस का मानना है कि बहू शालू ने विशाल का इस्तेमाल अपने ससुर की हत्या के लिए किया। उसे रुपये के साथ ही अच्छे वेतन पर दोबारा नौकरी पर रखने का आश्वासन भी उसने दिया था।

