तेज रफ्तार का कहर: शादी से लौट रहे तीन युवकों की मौत

Newswrap हिन्दुस्तान, बहराइच
share

Bahraich News - बहराइच में शादी की खुशियां मनाकर लौट रहे तीन युवकों की एक तेज रफ्तार वाहन से टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे में रिंकू, उत्तम और अजय की जान गई। सभी युवक एक ही परिवार से थे और दुर्घटना के बाद गांव में मातम छा गया। पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार का कहर: शादी से लौट रहे तीन युवकों की मौत

बहराइच, संवाददाता। शादी की खुशियां मनाकर घर लौट रहे तीन युवकों की जिंदगी रात के अंधेरे में हमेशा के लिए बुझ गई। बहराइच रामगांव मार्ग पर नौतला गांव के पास रविवार देर रात एक बजे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। तीन घरों में एक साथ मातम छा गया। गांव में हाहाकार मच गया। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक बौंडी थाना क्षेत्र के घरेहरा निकदिलपुर मजरा चुन्नी लाल पुरवा के रहने वाले थे। रिंकू जायसवाल उम्र 18 वर्ष पुत्र जय नारायण, उत्तम चौहान उम्र 19 वर्ष पुत्र राम नरेश और अजय चौहान उम्र 21 वर्ष पुत्र भानू प्रसाद।

तीनों की उम्र देखकर कलेजा कांप उठता है। तीनों युवक रामगांव थाना क्षेत्र के नौतला के गढ़वा गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उत्तम के भाई की साली की शादी थी। खुशियां मनाकर तीनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। रात के अंधेरे में नौतला गांव के पास अचानक एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा। चिकित्सकों ने परीक्षण कर रिंकू और उत्तम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजय को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। लेकिन अजय भी लखनऊ पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ गया। तीनों के शव गांव लाए गए। तीन घरों में एक साथ चिताएं जलीं। हादसे में जान गंवाने वाले उत्तम चौहान और अजय चौहान आपस में चचेरे भाई थे। एक ही परिवार के दो दीपक एक साथ बुझ गए। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। जो परिवार शादी की खुशियां मनाने गया था वह दो अर्थियां लेकर लौटा।तीन मौतों की खबर सुनते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। घरों से रोने की आवाजें आने लगीं। पड़ोसी और रिश्तेदार दौड़े चले आए। किसी को यकीन नहीं हो रहा था। जो युवक कल तक हंसते खेलते थे आज उनके शव घर आए थे। बुजुर्गों की आंखें नम थीं। बच्चे सहमे हुए थे। हादसे के बाद रामगांव पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले वाहन का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आरोपी वाहन चालक की तलाश जारी है। थानाध्यक्ष गुरुसेन सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Voice of UP

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।