सड़क किनारे पड़ा मिला खून से लथपथ शव, इलाके में फैली सनसनी
Bahraich News - बहराइच में एक अधेड़ व्यक्ति का शव सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतक की पहचान गोमती प्रसाद के रूप में हुई, जो सोमवार शाम घर से निकले थे। पुलिस इसे सड़क दुर्घटना मान रही है, लेकिन हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
बहराइच, संवाददाता। जिले में मंगलवार सुबह एक अधेड़ व्यक्ति का शव सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खैरीघाट थाना क्षेत्र के सबलापुर गांव के पास सुबह करीब नौ बजे राहगीरों ने सड़क किनारे खून से लथपथ शव पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आनंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान शव की शिनाख्त पिपरिया गांव के मजरा बसुहार निवासी गोमती प्रसाद (50) के रूप में हुई।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार, गोमती प्रसाद सोमवार शाम घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।मृतक के बारे में बताया जा रहा है कि वह शराब का आदी था, जिससे घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे सड़क दुर्घटना मान रही है, लेकिन हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। थानाध्यक्ष आनंद सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


