संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए दस्तक अभियान शुरू
Bahraich News - बहराइच में संचारी रोगों की रोकथाम और जन-जागरूकता के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान में 14 विभागों का समन्वय होगा, और घर के आसपास पानी जमा न होने देने के उपाय बताए जाएंगे।

बहराइच, संवाददाता। संचारी रोगों की रोकथाम और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। सीएमओ कार्यालय से सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। जागरूकता रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें लोगों को मच्छर जनित रोगों, जलजनित बीमारियों और दिमागी बुखार (इंसेफेलाइटिस) से बचाव के उपाय बताए गए। सीएमओ ने बताया कि जनसहभागिता और विभागीय समन्वय से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। अभियान में नगर विकास, पंचायतीराज, बाल विकास, आयुष, कृषि, शिक्षा, पशुपालन, सूचना समेत विभिन्न 14 विभागों के समन्वय से संचालित अभियान के दौरान आमजन को सन्देश दिया जायेगा कि घर के आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें।
विशेष रूप से कूलर और फ्रिज के पीछे जमा पानी को हर सप्ताह साफ करें। नारियल के खोल, बेकार टायर, टूटे मिट्टी के बर्तन, गमले, डिब्बे आदि में पानी इकट्ठा न होने दें। बुखार या अन्य लक्षण होने पर तुरंत जांच कराएं, साफ-सफाई रखें, शुद्ध पानी पिएं और लू से बचाव के लिए पर्याप्त पानी व आवश्यक सावधानी बरतें। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. अभाष अंकुर, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. निर्मेश, डीसीपीएम मोहम्मद राशिद, पीएफआई, डबल्यूएचओ व पाथ प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।इन बीमारियों की होगी पहचानसीएमओ ने बताया कि 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स घर-घर जाकर बुखार, इन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई), टीबी, कुपोषण सहित अन्य लक्षणयुक्त व्यक्तियों की पहचान करेंगी। इनका विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड कर उनकी निगरानी और उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।रिस्क क्षेत्रों में तेज होगी फॉगिंगडीएचईआईओ बृजेश सिंह ने बताया कि मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उनके निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मच्छरों की अधिकता वाले हाई रिस्क क्षेत्रों में फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव तेज होगा, जिससे डेंगू और मलेरिया के प्रसार को रोका जा सके। हीट वेव की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है। शुद्ध पेयजल, सार्वजनिक स्थलों पर शेल्टर और लोगों को गर्मी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष निगरानी और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


