Bahraich News: 16 घंटे गुल रही बिजली, अंधेरे में डूबे रहे सैकड़ों गांव
Bahraich News: बहराइच जिले की बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। फखरपुर पावर हाउस से बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोग परेशान हैं। किसानों और दुकानदारों को मुसीबत का सामना करना पड़ा। कई गांव अंधेरे में डूब गए हैं। इसके अलावा, करंट लगने से गोवंश की मौत भी हुई है।

Bahraich News: बहराइच/फखरपुर, संवाददाता। जिले की बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। रोजाना ट्रिपिंग से जिलेवासियों को निजात नहीं मिल रही है। फाल्ट तलाशने में घंटों लग रहे हैं। फखरपुर पावर हाउस से शनिवार की शाम बिजली गुल हो गई। रविवार की दोपहर तक आपूर्ति शुरू न होने से दर्जनों गांव अंधेरे में डूबे रहे। शहर में भी कई घंटे कटौती की गई। जिससे उपभोक्ता परेशान रहे। शनिवार की शाम से फखरपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़ी बिजली आपूर्ति ठप होने से क्षेत्र के सैकड़ों गांव अंधेरे में डूब गए हैं। करीब 16 घंटे से बिजली नहीं मिलने के कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बिजली न होने से इनवर्टर जवाब दे गए। मोबाइल फोन डिस्चार्ज हो गए। रामबाबू, राकेश कुमार बिजली न रहने से पानी के लिए बहुत परेशान होना पड़ा। दुकानदारों का कारोबार प्रभावित रहा। किसानों को सिंचाई कार्य में दिक्कतें हुईं। फखरपुर पावर हाउस के अवर अभियंता पंचम लाल ने बताया कि शनिवार के रात में 33000 की लाइन में फाल्ट होने के कारण फखरपुर पावर हाउस में सप्लाई बाधित थी। आपूर्ति कराई जा रही है। शहर के चांदपुरा स्थित आइसक्रीम फैक्ट्री के पास लाइन में खराबी आ गई। इसी मोहल्ले के कोल्ड स्टोरेज के पास 11 हजार लाइन का फ्यूज उड़ गया जिससे कई घंटे आपूर्ति बाधित रही।
करंट लगने से गोवंश की मौत
शहर के बख्शीपुरा मोहल्ले में इंदिरा शिक्षा निकेतन स्कूल के पास जमीन पर विद्युत बॉक्स लगा है। बारिश होने पर इसमें करंट उतर आता है। रविवार को भी करंट उतरने से बगल से निकल रहे एक गोवंश की मौत हो गई। मोहल्लेवासियों का कहना है कि 25 दिन के अंदर तीन मवेशियों की मौत हो चुकी है। विभाग से लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
10 घंटे रामगढ़ी फीडर की बिजली गुल रही
विद्युत उपकेंद्र फखरपुर के रामगढ़ी फीडर की आपूर्ति करीब 10 घंटे से बाधित रहने से हजारों उपभोक्ता परेशान हैं। पेयजल संकट से लोगों को जूझना पड़ा। उपभोक्ताओं का कहना है कि लंबे समय से आपूर्ति ठप होने के बावजूद विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
बौंडी बाजार में एलटी केबिल जली, 15 घंटे आपूर्ति ठप
जैतापुर फीडर से जुड़े बौंडी बाजार में शनिवार की रात एलटी लाइन जल गई। रविवार की शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। दुकानदारों और उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि रात में कर्मचारियों को सूचना दे दी गई ळाी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इस संबंध में फखरपुर जेई का सीयूजी व पर्सनल नंबर पर समस्या जानने की कोशिश की गई, लेकिन मोबाइल स्विच आफ रहा। छह घंटे से अधिक अंधेरे में रहे जंगल इलाके के गांव कस्बे : नगर पंचायत मिहींपुरवा में छह घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से 25 हजार की आबादी परेशान रही। पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य और छोटे व्यापार भी प्रभावित हुए। अवधेश कुमार, राजकुमार सिंह, सुमित मिश्रा, शिवपाल, श्रीराम, अशोक सोनी, मोनू चौधरी, सोनू चौरसिया, गौरव श्रीवास्तव और संतोष कुमार ने बताया कि आए दिन घंटों बिजली कटौती और फॉल्ट की समस्या बनी रहती है। शिकायत करने के लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करने पर भी समय से संपर्क नहीं हो पाता। वार्ड संख्या-14 के निवासी झगरू लाल पटवा, अखिलेश कुमार, परशुराम, सुनील कुमार, नंदलाल और कृष्ण कुमार ने बताया कि उनके क्षेत्र में कई बार पूरा दिन बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाती।
इंसुलेटर से फाल्ट होने से पेड़ में लगी आग
नवाबगंज नानपारा मार्ग पर रविवार को साढ़े तीन बजे मथुरा पुल के पास यूकेलिप्टस के पेड़ से बंधे इंसुलेटर में फाल्ट हो जाने के कारण पेड़ जलने लगा। विद्युत तार के जलने से नवाबगंज नंदागांव की सप्लाई बाधित हो गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। अवर अभियंता बृजेश गुप्ता ने कहा कि विद्युत कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची है। सप्लाई शाम तक बहाल हो जाएगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


