आग उगल रही सड़कें, तेजी से बीमार हो रहे लोग
बहराइच जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप है, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लोग गर्मी से बचने के लिए कपड़े से चेहरे को ढककर निकल रहे हैं। गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले दिनों में राहत की संभावना जताई है।

बहराइच,संवाददाता। जिला भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 9 बजे के बाद ही सड़कें तपने लगीं और दोपहर होते-होते हालात ऐसे हुए कि मानो सड़कें आग उगल रही हों। प्रचंड गर्मी में लोगों की दिन और रात दोनों ही कटनी मुश्किल हो गई हैं।हालाकि मौसम विभाग ने शुक्रवार को तेज हवाएं संग हल्की बारिश की संभावना जताई है। तराई में बढ़ रहे पारे ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। दोपहर 12 से 4 बजे तक बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है। जरूरी काम से निकलने वाले लोग भी सिर-चेहरे को कपड़े से ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर निकल रहे हैं।
सड़कों पर चलने वाले राहगीर, रिक्शा चालक और मजदूर वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित है। कई जगह मजदूर काम छोड़कर छांव तलाशते नजर आए। गर्मी के प्रकोप से डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त, बुखार और लू लगने के मामले तेजी से बढ़े हैं। मेडिकल कॉलेज के फिजीशियन डॉ उपेंद्र वर्मा ने बताया कि ओपीडी में रोजाना 200 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें 60% मामले सीधे गर्मी से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि शरीर में पानी की कमी से सोडियम-पोटैशियम का संतुलन बिगड़ रहा है, जिससे कमजोरी, चक्कर और बेहोशी आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले शुक्रवार से मौसम के करवट बदलने का संभावना बन रही है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


