Bahraich News: नशे से परेशान लोग, बच्चों तक पहुंच रही नशे की पुड़िया
Bahraich News: दशहरा बाग वार्ड में लोग खुलेआम स्मैक के कारोबार से परेशान हैं। स्थानीय निवासी आरोप लगाते हैं कि नशेड़ियों की आवाजाही लगातार हो रही है और महिलाओं और बच्चों को भी इसमें शामिल किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन स्थानीय लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Bahraich News: रुपईडीहा, संवाददाता। दशहरा बाग वार्ड में कथित स्मैक कारोबार से लोग परेशान हैं। वार्डवासियों का आरोप है कि गली में वर्षों से खुलेआम स्मैक की बिक्री हो रही है। रात-दिन संदिग्ध लोगों की आवाजाही बनी रहती है। जेल से छूटने के बाद फिर धंधा शुरू करने और बच्चों से पुड़िया पहुंचवाने का भी आरोप है। बुधवार की रात नशेड़ियों ने खूब हंगामा किया। जिससे लोगों को दिक्कत हुई। बुधवार की रात 11 बजे दशहरा बाग वार्ड नं 7 में नशेड़ियों ने खूब हंगामा किया। इस पर मोहल्लेवासी बाहर निकल आए। वार्ड निवासी पवन, मंजू व हर्षित आदि ने बताया कि दिन हो या रात एक व्यक्ति खुलेआम स्मैक बेच रहा है।
कई नेपाली लड़कियों को एजेंट बना रखा है। इन्हीं के माध्यम से नेपाल में भी स्मैक की तस्करी कराता है। नईबस्ती, चकियारोड, बरथनवा, रेलवे स्टेशन का आसपास का इलाका, निबिया गांव, रुपईडीहा गांव, चिकवन टोला आदि में स्मैक की सप्लाई करता है। कई बार जेल भेजा गया। जेल से आने के बाद फिर धंधे में लग जाता है। इनके बच्चे व महिलाएं भी स्मैक बेचती हैं। मोहल्लेवासी बहुत परेशान हैं। सभी ने स्थाई समाधान दिलाने की मांग की है।हरेंद्र कुमार मिश्र, एसएचओ रुपईडीहा ने कहा कि दशहरा बाग वार्ड स्मैक बिक्री होने की सूचना मिली है। इस धंधे से जुड़े तस्करों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


